PM Modi Ghana Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 से 9 जुलाई तक पांच देशों— घाना, त्रिनिदाद और टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया— की यात्रा पर रहेंगे. उनके विदेश दौरे की शुरुआत 2-3 जुलाई को घाना से होगी, जो 30 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इस अफ्रीकी देश की पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी.
घाना के राष्ट्रपति के साथ पीएम मोदी की मुलाकात में आर्थिक, ऊर्जा, रक्षा और विकास सहयोग जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा होगी. यह यात्रा भारत के ग्लोबल साउथ के साथ संबंधों को और गहरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.

त्रिनिदाद और टोबैगो: संबंधों को नई दिशा
घाना के बाद, पीएम मोदी 3-4 जुलाई को त्रिनिदाद और टोबैगो का दौरा करेंगे. यह 1999 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा होगी. वहां के राष्ट्रपति क्रिस्टीन कार्ला कंगालू और प्रधानमंत्री कमला परसाद-बिसेसर के साथ बातचीत में ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने पर जोर होगा. पीएम मोदी वहां की संसद को भी संबोधित करेंगे.
अर्जेंटीना और ब्राजील: रणनीतिक साझेदारी
4-5 जुलाई को अर्जेंटीना में राष्ट्रपति जेवियर माइली के साथ मुलाकात में रक्षा, कृषि, खनन और नवीकरणीय ऊर्जा पर सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी. इसके बाद, 5-8 जुलाई को ब्राजील में 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, जहां वैश्विक शासन, जलवायु और आर्थिक मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा. ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी होगी.

नामीबिया: ऐतिहासिक रिश्तों को मजबूती
पीएम मोदी की यात्रा का अंतिम चरण 9 जुलाई को नामीबिया में होगा, जहां पीएम मोदी राष्ट्रपति नेतुम्बो नांदी-एंडाइत्वाह से मुलाकात करेंगे और संसद को संबोधित करेंगे. यह भारत और नामीबिया के बीच ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करेगा.
यह भी पढ़िए: PM मोदी ने हूल दिवस पर संथाल क्रांति के वीरों को दी श्रद्धांजलि, कहा- उनकी शौर्यगाथा हर पीढ़ी को प्रेरित करती रहेगी
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

