Bharat Express DD Free Dish

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ के बदले सुर, बोले- ‘हम भारत-रूस के संबंधों का सम्मान करते हैं,’

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ (Shahbaz Sharif) ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से कहा कि पाकिस्तान, भारत औऱ रूस के संबंधों का सम्मान करता है.

PM Shahbaz Sharif

पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ. (फाइल फोटो)

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ (Shahbaz Sharif) ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से कहा कि पाकिस्तान, भारत औऱ रूस के संबंधों का सम्मान करता है और यह बिल्कुल ठीक है. चीन में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन से इतर पुतिन के साथ बैठक के दौरान शहबाज़ शरीफ ने रूसी राष्ट्रपति से कहा कि पाकिस्तान भी रूस के साथ मज़बूत संबंध चाहता है.

उन्होंने कहा, “मैं पाकिस्तान का समर्थन करने और क्षेत्र में संतुलन बनाने की कोशिश करने के लिए आपका धन्यवाद करना चाहता हूं. मैं जानता हूं और मुझे यह कहना होगा कि हम भारत के साथ आपके संबंधों का सम्मान करते हैं… और यह बिल्कुल ठीक है. हम बहुत मज़बूत संबंध भी बनाना चाहते हैं… और ये संबंध क्षेत्र की प्रगति और समृद्धि के पूरक होंगे.”


रूस के साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताते हुए शहबाज़ शरीफ ने पुतिन की प्रशंसा की और उन्हें “एक गतिशील नेता” बताया. उन्होंने ये भी कहा कि पाकिस्तान, रूस के साथ मिलकर काम करना चाहता है.

हमेशा चीन का करीबी रहा है पाकिस्तान

ऐतिहासिक रूप से भारत और रूस के बीच मज़बूत संबंध रहे हैं जबकि पाकिस्तान चीन के साथ क़रीबी रहा है. रूस निर्मित एस-400 मिसाइल रक्षा प्रणाली ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान की मिसाइलों और ड्रोनों को नाकाम करने में भारत की मदद की.

इससे पहले शिखर सम्मेलन के दौरान, शबहाज़ शरीफ राष्ट्रपति पुतिन के पीछे तेज़ी से जाते हुए देखे गए, उनका ध्यान आकर्षित करने और हाथ मिलाने की कोशिश करते हुए, जब पुतिन नेताओं की ग्रुप फ़ोटोग्राफ़ी के बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ चल रहे थे. इस घटना का वीडियो ऑनलाइन वायरल हो गया.


ये भी पढ़ें: Su-57 Stealth Fighter: कितना घातक है ये लड़ाकू विमान, जिसे रूस ने भारत में बनाने का ऑफर दिया, चीन-PAK से एक साथ निपट सकेंगे?


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read