Bharat Express DD Free Dish

रूस ने यूक्रेन पर किया इस साल का सबसे बड़ा हवाई हमला, 570 ड्रोन और 40 मिसाइलों के हमले से थर्रा उठे जेलेंस्की

Russia Ukraine War: गुरुवार को रूसी सुरक्षाबलों ने सुदूर पश्चिमी यूक्रेन में मौजूद अमेरिकी इलेक्ट्रॉनिक कारखाने पर दो क्रूज मिसाइल दागी. इस हमले में कारखाने को भारी नुकसान हुआ है. इस हमले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Russia Ukraine War: रूस का 570 ड्रोन और 40 मिसाइलों से हमला

रूस ने यूक्रेन पर इस साल का सबसे बड़ा हवाई हमला किया है. गुरुवार को रूसी सुरक्षाबलों ने सुदूर पश्चिमी यूक्रेन में मौजूद अमेरिकी इलेक्ट्रॉनिक कारखाने पर दो क्रूज मिसाइल दागी. इस हमले में कारखाने को भारी नुकसान हुआ है. रूस के इस हमले में कई यूक्रेनी लोगों के घायल होने की सूचना है. इस हमले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसमें फैक्ट्री आग और धुएं के गुबार में लिपटी दिख रही है.

रूस के इस हमले की यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने निंदा की है. उन्होंने इसे साधारण नागरिक उद्यम और अमेरिकी निवेश पर हमला बताया है. उन्होंने बताया कि यहां पर कॉफी मशीन और रोजमर्रा के घरेलू सामान बनाये जाते थे.

रात के समय रूस का सबसे भीषण हमला

यूक्रेनी मीडिया के अनुसार, ये हमला रूस के द्वारा रात के समय किए गए सबसे भीषण हमलों में से एक था. जिसमें रूस ने यूक्रेन पर 570 से अधिक ड्रोन और 40 मिसाइलें दागीं.

यूक्रेनी मीडिया के अनुसार, रूस ने जिन अमेरिकी फैक्ट्रियों को निशाना बनाया है उनमें से एक फ्लेक्स लिमिटेड है. यह कंपनी दुनियाभर में फैली हुई है और इसके मुख्यालय ऑस्टिन, टेक्सास और सिंगापुर में हैं.

हमले के वक्त फैक्ट्री में थे 600 कर्मचारी

यूक्रेनी मीडिया के अनुसार, हमले के वक्त फैक्ट्री में 600 कर्मचारी मौजूद थे. रूसी हमले की चेतावनी जारी होते ही फैक्ट्री कर्मचारियों ने शेल्टर में शरण ले ली. जिसकी वजह से मरने वालों की संख्या कम है.

क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख मायरोस्लाव बिलेत्स्की ने स्थानीय मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि, रूसी हमले में इस फैक्ट्री का एक तिहाई हिस्सा नष्ट हो गया. इस फैक्ट्री में घरेलू उपकरण बनाये जाते थे.

ट्रंप की वार्ता के बाद रूस का भीषण हमला

कुछ दिनों पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध पर विराम लगाने के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की से मुलाकात की थी.

अमेरिका और रूस के राष्ट्राध्यक्षों के बीच यह बैठक अलास्का में हुआ था. जहां दोनों ने रूस-यूक्रेन युद्ध को रोकने के लिए शांति वार्ता की. हालांकि इस बैठक का कोई नतीजा नहीं निकल पाया, लेकिन डोनाल्ड ट्रंप ने इसे शांति वार्ता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया था.

ये भी पढ़ें- Operation Sindoor के बाद पाकिस्तान ने फिर बढ़ाई हवाई पाबंदी, रिश्तों में तल्खी बरकरार

रूसी विदेश मंत्री ने पश्चिमी देशों को दी चेतावनी

वहीं रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने रूस-यूक्रेन संघर्ष को लेकर बुधवार को पश्चिमी देशों को चेतावनी दी थी. उन्होंने कहा कि रूस की भागीदारी के बिना यूक्रेन की सुरक्षा समस्याओं को हल करने की कोशिश बेकार है.

वहीं जेलेंस्की ने अपने टेलीग्राम पोस्ट पर रूस पर निशाना साधते हुए कहा कि, ये हमला दिखाता है कि रूस शांति वार्ता को लेकर गंभीर नहीं है.

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read