रियाद एयरपोर्ट पर भीषण हमला
Riyadh Airport Attack: सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए भीषण हमले में भारी जान-माल का नुकसान हुआ है. इस कायराना हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 300 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि हमले में कम से कम 11 भारतीय नागरिक भी घायल हुए हैं. घटना के बाद भारतीय दूतावास स्थानीय सऊदी प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है.
भारतीय दूतावास घायलों की स्थिति पर रख रहा है नजर
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि वह शनिवार को हुए इस हमले के तुरंत बाद से ही जमीनी हालात पर पैनी नजर रखे हुए है. दूतावास ने कहा,
प्राप्त सूचना के अनुसार इस हमले में 11 भारतीय नागरिक घायल हुए हैं. दूतावास उनकी स्वास्थ्य स्थिति और उपचार की जानकारी लेने के लिए स्थानीय प्रशासन तथा अस्पताल प्रबंधन के निरंतर संपर्क में है. जैसे ही अतिरिक्त विवरण उपलब्ध होंगे, उन्हें साझा किया जाएगा.
भारत के विदेश मंत्रालय ने की हमलों की कड़ी निंदा
रियाद एयरपोर्ट पर लगातार हो रहे हमलों पर भारत सरकार ने कड़ा ऐतराज जताते हुए इसकी तीखी भर्त्सना की है. विदेश मंत्रालय (MEA) ने एक बयान जारी कर कहा,
हम पिछले कुछ दिनों से रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं. इसमें 10 अक्टूबर को अंजाम दिया गया कायरतापूर्ण हमला भी शामिल है.
ये भी पढ़ें-राष्ट्रपति ट्रंप का बड़ा ऐलान: रूस-यूक्रेन के बीच ‘एनर्जी सीजफायर’ लागू
शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना
विदेश मंत्रालय ने कहा कि नागरिक बुनियादी ढांचे पर इस तरह के हमलों में निर्दोष लोगों की जान गई है, सैकड़ों नागरिक घायल हुए हैं और सार्वजनिक संपत्ति को गंभीर नुकसान पहुंचा है. भारत ने मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और सभी घायलों के शीघ्र व पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की है. खाड़ी क्षेत्र में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा को लेकर दूतावास ने अलर्ट जारी किया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

