Bharat Express DD Free Dish

‘टाइम मत देखो, पीएम मोदी को फोन मिलाओ’ अमेरिकी राजदूत ने सुनाया डोनाल्ड ट्रंप का मजेदार किस्सा

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पर्सनल बॉन्डिंग का एक मजेदार किस्सा साझा किया है. मियामी की एक शाम ट्रंप ने अचानक सुबह 6 बजे ही पीएम मोदी को फोन मिलाने को कह दिया था.

Trump Asked To Call PM Modi At 6 AM Story By US Ambassador Sergio Gor

भारत-अमेरिका के बीच चल रही ट्रेड डील को लेकर सस्पेंस अब लगभग खत्म होने वाला है. भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने साफ कर दिया है कि दोनों देशों के बीच यह डील अपने आखिरी दौर में है. लेकिन इस कूटनीतिक बातचीत के बीच, अमेरिकी राजदूत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की दोस्ती का एक दिलचस्प किस्सा सुनाया, जो इस समय सोशल मीडिया से लेकर सियासी गलियारों तक खूब सुर्खियां बटोर रहा है.

‘वो सोए नहीं होंगे, मेरी तरह ही हैं…’

सोमवार को ‘अमेरिका-भारत स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप फोरम’ (USISPF) के मंच से बोलते हुए राजदूत सर्जियो गोर ने मियामी में हुई एक मुलाकात का जिक्र किया. गोर ने बताया कि एक शाम वे राष्ट्रपति ट्रंप के साथ बैठे हुए थे, तभी अचानक ट्रंप ने पीएम मोदी को फोन करने को कह दिया.’

ट्रंप की यह बात सुनकर सर्जियो गोर हैरान रह गए. उन्होंने ट्रंप को टोकते हुए कहा, ‘इस वक्त भारत में सुबह के 6 बज रहे होंगे’ इस पर ट्रंप ने अपने चिरपरिचित अंदाज में मुस्कुराते हुए जवाब दिया, ‘अरे, वो जाग रहे होंगे. वो बिल्कुल मेरी तरह ही हैं.’ हालांकि, कूटनीतिक प्रोटोकॉल के तहत यह फोन कॉल अगले दिन के लिए शेड्यूल की गई.

घनिष्ठ दोस्ती में कुछ भी ‘पहले से तय’ नहीं होता

सर्जियो गोर ने कहा कि जब दो नेताओं के बीच इतनी गहरी दोस्ती हो, तो बातचीत के लिए किसी औपचारिक एजेंडे या पहले से तय समय की जरूरत नहीं पड़ती. दोनों के बीच गजब का तालमेल है. उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप भारत के साथ रिश्तों को लेकर व्यक्तिगत रूप से बेहद संजीदा हैं. ट्रंप अक्सर अपनी भारत यात्रा को याद करते हैं और इसे अपने सबसे यादगार और खास दौरों में से एक मानते हैं. अमेरिकी राजदूत के इस बयान से साफ है कि आने वाले दिनों में भारत और अमेरिका के रिश्ते और मजबूत होने वाले हैं.

ये भी पढ़ें: ऑपरेशन से डर, YouTube पर भरोसा! तिरुप्पुर में यूट्यूब देखकर कराई डिलीवरी, बच्चा बचा पर मां नहीं, पति पर गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read