Bharat Express DD Free Dish

जंग पर लगेगा विराम! मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान, कहा- ‘चाहें तो 2 सेकंड में खत्म कर दें…’

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि अमेरिका चाहे तो हालात को ‘2 सेकंड में खत्म’ कर सकता है. हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि फिलहाल सेना भेजने की कोई योजना नहीं है, लेकिन ईरान को वैश्विक खतरा बताते हुए दबाव बनाए रखने के संकेत दिया.

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को लेकर सख्त रुख दिखाया है. अपने हालिया बयान में उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका चाहे, तो ईरान के साथ चल रहे किसी भी टकराव को “सिर्फ 2 सेकंड में खत्म” कर सकता है. हालांकि, साथ ही उन्होंने यह भी साफ किया कि फिलहाल अमेरिका किसी नए युद्ध में कूदने के मूड में नहीं है.

ट्रंप ने कहा,

“मैं कहीं भी सेना नहीं भेज रहा हूं. और अगर भेज भी रहा होता, तो मैं आपको बताता नहीं.”

उनका यह बयान साफ तौर पर संकेत देता है कि अमेरिका अपनी सैन्य रणनीति को सार्वजनिक करने के पक्ष में नहीं है.

ईरान को बताया दुनिया के लिए खतरा

राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को वैश्विक सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा बताया. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर दुनिया के ज्यादातर देश अमेरिका की सोच से सहमत हैं. ट्रंप के मुताबिक, ईरान की गतिविधियां न सिर्फ क्षेत्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता का कारण बनी हुई हैं.

जापान की भूमिका की सराहना

अपने संबोधन में ट्रंप ने जापान की तारीफ भी की. उन्होंने कहा कि जापान, नाटो देशों के मुकाबले अपनी जिम्मेदारियों को ज्यादा गंभीरता से निभा रहा है और अंतरराष्ट्रीय मामलों में सक्रिय भूमिका बढ़ा रहा है.

वहीं जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने भी ट्रंप का समर्थन करते हुए कहा कि मौजूदा हालात में दुनिया में शांति स्थापित करने की क्षमता अगर किसी में है, तो वह डोनाल्ड ट्रंप ही हैं. उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि ईरान के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर पड़ सकता है.

खार्ग द्वीप को लेकर भी बड़ा दावा

ट्रंप ने ईरान के खार्ग द्वीप का जिक्र करते हुए दावा किया कि अमेरिका जब चाहे, इस पर कब्जा कर सकता है. उन्होंने इसे “छोटा और असुरक्षित द्वीप” बताते हुए कहा कि वहां की ज्यादातर महत्वपूर्ण चीजें पहले ही नष्ट की जा चुकी हैं. ट्रंप ने कहा कि ईरान की नौसेना, वायु सेना और एयर डिफेंस सिस्टम लगभग खत्म हो चुके हैं. “हम जहां चाहें, वहां उड़ सकते हैं, कोई हमें रोक नहीं सकता,” उन्होंने कहा.

हालांकि ट्रंप के बयानों में आक्रामकता साफ झलकती है, लेकिन उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अमेरिका फिलहाल सीधे युद्ध से बचना चाहता है. फिर भी, उनका यह रुख बताता है कि ईरान पर दबाव बनाए रखने की रणनीति जारी रहेगी.

ये भी पढ़ें: ईरान पर महाप्रलय की तैयारी! अमेरिकी रक्षा मंत्री का ऐलान- आज होगा अब तक का सबसे भीषण हमला

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read