India-Russia Oil Trade: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा करते हुए कहा कि उन्होंने सुना है कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा. इसके कुछ घंटों के बाद ही सरकारी सूत्रों ने के हवाले से खबर आई है कि भारत की तेल रिफाइनरियां रूस से कच्चा तेल खरीदना जारी रखे हुए हैं.
समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया, “भारतीय तेल रिफाइनरियां रूसी सप्लायर से तेल खरीदना जारी रखे हुए हैं. रिफाइनरियां की सप्लाई संबंधी फैसले तेल की कीमत, कच्चे तेल के ग्रेड, भंडार, रसद और अन्य आर्थिक कारकों द्वारा तय किए जाते हैं.”
बता दें कि रूस दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा कच्चा तेल उत्पादक है. इसका उत्पादन लगभग 9.5 मिलियन बैरल प्रतिदिन है, जो कि ग्लोबल डिमांड का लगभग 10% है. इसके अलावा रूस तेल का दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक भी है, जो लगभग 4.5 मिलियन बैरल प्रतिदिन कच्चा तेल और 2.3 मिलियन बैरल प्रतिदिन रिफाइन किए उत्पादों की आपूर्ति करता है.
ये भी पढ़ें: टेस्ला कार से हुए एक्सीडेंट मामले में कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला, जुर्माने की रकम जानकर हिल जाएगा आपका दिमाग
हमारा फैसला बाजार में तेल की उपलब्धता पर निर्भर करता है
भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ऊर्जा उपभोक्ता देश है, जिसकी 85% निर्भरता कच्चे तेल के आयात पर है. ऐसे समय में भारत ने अंतर्राष्ट्रीय नियमों का पालन करते हुए किफायती कीमतों पर ऊर्जा हासिल करने के लिए अपनी रणनीति को समायोजित किया है.
शुक्रवार (1 अगस्त) को मीडिया ब्रीफ़िंग में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से उन रिपोर्टों के बारे में भी पूछा गया जिनमें कहा गया था कि भारतीय तेल कंपनियों ने पिछले हफ़्ते रूसी तेल ख़रीदना बंद कर दिया है.
इसके जवाब में उन्होंने कहा, “जहां तक भारत की ऊर्जा जरूरतों की बात है, हम अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की उपलब्धता और उस समय की वैश्विक स्थिति के आधार पर फ़ैसले लेते हैं. जहां तक आपके सवाल की बारीकियों का सवाल है, मुझे इसकी जानकारी नहीं है. मेरे पास इन बारीकियों का ब्यौरा नहीं है.”
अमेरिका ने 25% टैरिफ लगाने की घोषणा की है
इससे पहले ट्रंप ने शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा था, “मैं समझता हूं कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा. मैंने यही सुना है. मुझे नहीं पता कि यह सही है या नहीं, लेकिन यह एक अच्छा कदम है. देखते हैं क्या होता है.”
राष्ट्रपति ट्रंप का यह कमेंट अमेरिका द्वारा लगभग 70 देशों के निर्यात पर नए टैरिफ की घोषणा के एक दिन बाद आया है. इसमें भारत पर भी 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की गई है, जो 7 अगस्त 2025 से लागू होगा.
ये भी पढ़ें: रूस से तेल खरीदने को लेकर Donald Trump का फिर से बड़ा दावा, कहा- सुना है रूस से भारत…
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
