US Israel Iran conflict: होर्मुज स्ट्रेट पर तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है. अमरिका ने ईरान पर लगातार 10वीं रात हवाई हमले किए. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) का कहना है कि 20 जुलाई की रात 9 बजे (अमेरिकी समय के अनुसार) एक और अभियान चलाया गया. इस दौरान ईरान के सैन्य कमांड सेंटर, नौसैनिक ठिकाने, मिसाइल और ड्रोन लॉन्च साइट्स तथा एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाया गया.
जहाजों की सुरक्षा का दावा
अमेरिका का कहना है कि इन हमलों से ईरान की हमले करने की क्षमता कमजोर होगी और होर्मुज से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा बढ़ेगी. CENTCOM के अनुसार मई से अब तक अमेरिकी सेना ने लगभग 900 व्यापारिक जहाजों और 45 करोड़ बैरल कच्चे तेल की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की है. सेना ने साफ किया कि अगर ईरान ने नागरिक जहाजों पर हमला जारी रखा तो उसका जवाब दिया जाएगा.
ईरान का पलटवार
लगातार हमलों के बावजूद ईरान ने मंगलवार तड़के होर्मुज स्ट्रेट में एक तेल टैंकर को निशाना बनाया. हमले के बाद जहाज के क्रू मेंबर्स को अपनी जान बचाने के लिए जहाज छोड़ना पड़ा. इस घटना ने तनाव को और बढ़ा दिया है और हालात बड़े युद्ध की ओर जाते दिख रहे हैं. इसी बीच ईरान का गृह मंत्री पाकिस्तान पहुंचा है जहां बातचीत के जरिए मध्यस्थता की कोशिश हो रही है. हालांकि, किसी नए समझौते की संभावना अभी साफ नहीं है.
समझौता टूटने के बाद बढ़ी लड़ाई
पिछले महीने अमेरिका और ईरान के बीच हुआ अंतरिम समझौता अब लगभग खत्म हो चुका है. इसके बाद दोनों पक्षों ने हमले तेज कर दिए हैं. अब ऐसे ठिकानों को भी निशाना बनाया जा रहा है, जिनका इस्तेमाल आम नागरिक करते हैं. इससे आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं.
तेल बाजार पर असर
तनाव का असर सीधे तेल बाजार पर पड़ा है. ब्रेंट क्रूड का भाव 88 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर चला गया है. वहीं अमेरिका में पेट्रोल की औसत कीमत 4 डॉलर प्रति गैलन तक पहुंच गई है. इससे महंगाई का खतरा बढ़ गया है और ट्रंप प्रशासन पर मिडटर्म चुनाव से पहले दबाव भी बढ़ गया है.
ये भी पढ़ें-अफगानिस्तान में बाढ़ का कहर, करीब 20 लोगों की मौत, कई लोग लापता
होर्मुज स्ट्रेट पर अमेरिका और ईरान के बीच लगातार बढ़ते टकराव ने वैश्विक ऊर्जा बाजार को हिला दिया है. जहाजों की सुरक्षा और तेल की कीमतों में उछाल ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है. आने वाले दिनों में यह तनाव किस दिशा में जाएगा, इस पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



