Bharat Express DD Free Dish

सिंगापुर में पीएम की कमाई ₹11 करोड़ रुपए बढ़ी, जानिए कितनी है मंत्रियों की नई तनख्वाह

सिंगापुर के पीएम लॉरेंस वोंग की सैलरी बढ़कर ₹27 करोड़ सालाना हो गई है, जो पीएम मोदी से 135 गुना ज्यादा है. सरकार का तर्क है कि मोटी सैलरी से भ्रष्टाचार कम होता है.

World Highest Paid Leader Singapore PM Lawrence Wong Salary Hike Bharat Express

सिंगापुर सरकार ने प्रधानमंत्री, कैबिनेट मंत्रियों और शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों के वेतन में बड़ी बढ़ोतरी करने का फैसला किया है. इस फैसले के बाद दुनिया के सबसे ज्यादा वेतन पाने वाले नेताओं में शुमार सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग की सालाना कमाई में करीब 11 करोड़ रुपये की भारी बढ़ोतरी होगी.

₹16 करोड़ से बढ़कर ₹27 करोड़ पहुंची PM की सैलरी

फिलहाल पीएम लॉरेंस वोंग को सालाना करीब 22 लाख सिंगापुर डॉलर (लगभग 16 करोड़ रुपये) मिलते हैं. 60 प्रतिशत से अधिक के इस इजाफे के बाद उनका सालाना पैकेज बढ़कर लगभग 36 लाख सिंगापुर डॉलर (करीब 27 करोड़ रुपये) हो जाएगा.

अगर इसकी तुलना भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वेतन से करें, तो पीएम मोदी की सालाना सैलरी करीब 20 लाख रुपये है. इस लिहाज से सिंगापुर के पीएम की नई कमाई भारत के प्रधानमंत्री की सैलरी से लगभग 135 गुना अधिक होगी.

मंत्रियों की सैलरी भी पहुंचेगी ₹10 करोड़ के पार

केवल प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि मंत्रियों की कमाई में भी इजाफा किया गया है. मंत्रियों का मौजूदा सालाना पैकेज 11 लाख सिंगापुर डॉलर (₹8.20 करोड़) से बढ़कर 12 लाख डॉलर (₹8.95 करोड़) हो जाएगा.

पीएम वोंग के मुताबिक, मौजूदा कार्यकाल के अंत तक मंत्रियों का पैकेज 13.5 लाख डॉलर (लगभग 10 करोड़ रुपये) तक पहुंच सकता है.

हालांकि, वेतन का एक बड़ा हिस्सा सरकार के प्रदर्शन, देश की जीडीपी ग्रोथ, रोजगार और आम नागरिकों की आय बढ़ाने जैसे पैमानों पर निर्भर करेगा.

‘मोटी सैलरी से रुकेगा भ्रष्टाचार’

सिंगापुर सरकार अपने इस मॉडल का लंबे समय से बचाव करती आई है. सरकार का तर्क है कि योग्य और प्रतिभावान लोगों को राजनीति में आकर्षित करने और भ्रष्टाचार मिटाने के लिए अच्छा पैकेज देना जरूरी है. ‘करप्शन परसेप्शन इंडेक्स’ में भी सिंगापुर दुनिया के सबसे कम भ्रष्ट देशों में शामिल है.

दूसरी तरफ, सिंगापुर की आम जनता इस फैसले से नाराज नजर आ रही है. देश में औसत सालाना आय करीब 4.30 लाख रुपये ही है. महंगाई और हालिया छंटनियों के बीच इस वेतन वृद्धि पर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.

यह भी पढ़ें:  भारत-जर्मनी राजनयिक संबंधों के 75 साल, पीएम मोदी ने चांसलर मर्ज से की बात

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read