Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

जब भाई मुख्यमंत्री हो तो बहन नंगे पांव क्यों चलें: CM शिवराज सिंह चौहान

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार, दोनों निरंतर गरीबों की सेवा और कल्याण के कार्य करती रहती हैं.

Cm Shivraj Singh Chouhan 1

CM शिवराज सिंह चौहान

Rohit Rai Edited by Rohit Rai

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जब मेरी तेंदूपत्ता संग्राहक बहने नंगे पांव जंगलों में तेंदूपत्ता तोड़ने जाती थीं और उनके पैर में काँटा चुभता था तो मुझे बहुत दर्द होता था. भाई मुख्यमंत्री हो, तो बहन नंगे पैर क्यों चले. इसे ध्यान में रख हमने मुख्यमंत्री चरण पादुका योजना बनाई. योजना में प्रदेश के 15 लाख तेंदूपत्ता संग्राहक भाई-बहनों को चप्पल, साड़ी, पानी की कुप्पी दी जाती है. अब निर्णय लिया गया है कि संग्राहकों को छाता भी दिया जाये. इसके लिये 200-200 रूपये की राशि उनके खातों में भिजवाई जा रही है.

मुख्यमंत्री चौहान की प्रमुख घोषणाएं

शासकीय महाविद्यालय परका और सरई में विज्ञान एवं कॉमर्स की कक्षाएँ प्रारंभ होंगी. सिंगरौली क्षेत्र में बैगाओं को अति पिछड़ी जनजाति में शामिल किया जायेगा. निवास में उप तहसील कार्यालय और कॉलेज खोला जायेगा. ग्राम माड़ा रजमिलान, खुटार और सरई में सीएम राइज स्कूल खुलेंगे.

बहनों को अपने हाथों से चप्पलें पहनाई

मुख्यमंत्री चौहान ने आज सिंगरौली जिले के सरई में विकास पर्व के दौरान तेंदूपत्ता संग्राहकों को मुख्यमंत्री चरण पादुका योजना में चरण पादुकाएं, पानी की कुप्पी और साड़ी प्रदान की. मुख्यमंत्री ने कुछ तेंदूपत्ता संग्राहक बहनों को अपने हाथों से चप्पलें पहनाई. उन्होंने 693 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन के अलावा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरण भी किया. मुख्यमंत्री चौहान ने क्षेत्र के विकास के लिये कई घोषणाएं भी कीं.

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार, दोनों निरंतर गरीबों की सेवा और कल्याण के कार्य करती रहती हैं. मेरे लिये जनता ही भगवान है. दीन और दुखियों की सेवा भगवान की सेवा से बढ़ कर है. मेरा जीवन गरीबों की सेवा के लिये है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गरीबों को नि:शुल्क अनाज, आवास, स्वास्थ्य एवं सभी आवश्यक सेवाएं प्रदान कर रहे हैं. प्रदेश में ऐसे गरीबों, जिनके पास आवास के लिये जमीन नहीं है, को मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना में पट्टे दिये जा रहे हैं.

लाड़ली बहना योजना केवल योजना नहीं एक क्रांति

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना केवल योजना नहीं एक क्रांति है. इसने बहनों का जीवन बदल दिया है. इस योजना से मिलने वाली राशि से महिलाओं का आत्म-विश्वास और सम्मान बढ़ा है. अब परिवार में भी उन्हें अधिक सम्मान दिया जा रहा है. बहनों के सशक्तिकरण के लिए हर गांव में लाड़ली बहना सेना गठित की गई है. यह सेना लाड़ली बहना सहित शासन की सभी योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करेगी.

महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रयासरत

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण तथा उन्हें आत्म-निर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. स्व-सहायता समूह की महिलाओं की आमदनी कम से कम 10 हजार प्रतिमाह करना हमारा लक्ष्य है. बहनों को पंचायत-राज संस्थाओं तथा नगरीय निकायों के चुनाव में 50 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिया गया है. आज हजारों बहनें समाज का नेतृत्व कर रही हैं. पुलिस की भर्ती में 33 प्रतिशत तथा अन्य भर्ती में भी महिलाओं को आरक्षण का लाभ दिया जा रहा है. महिलाओं के प्रति दुराचार करने वालों के लिए फाँसी का कानून है. प्रदेश में शराब के सभी अहाते बंद कर दिए गए हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तेज गति से विकास किया जा रहा है. जनता को सड़क, पानी, बिजली जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. हमारी सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिये कार्य कर रही है. किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर फसल ऋण दिलवाया जा रहा है. गरीब किसानों को केन्द्र सरकार से 6 हजार और राज्य सरकार से 6 हजार रूपये मिलाकर कुल 12 हजार रूपये प्रतिवर्ष की सम्मान निधि दी जाती है.

निर्माण कार्यों का शिलान्यास/भूमि-पूजन

672 करोड़ 25 लाख रूपये की लागत की रिहंद माईक्रो सिचाई परियोजना का शिलान्यास. 9 करोड़ 90 लाख की लागत के शासकीय महाविद्यालय देवसर के सभागार तथा उत्कृष्ट विद्यालय देवसर के खेल मैदान की बाउण्ड्री वॉल का लोकार्पण. 5 करोड़ 93 लाख रूपये लागत के शासकीय पॉलीटेक्निक कालेज के अतिरिक्त कक्ष तथा प्रयोगशाला भवन का लोकार्पण. 5 करोड़ 36 लाख रूपये की लागत के अमहरा मलगिया डांड से करामी सड़क का लोकार्पण.

बेहतर शिक्षा की व्यवस्था

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सीएम राइज स्कूलों में प्राइवेट स्कूलों से बेहतर शिक्षा की व्यवस्था होगी. बच्चों को निःशुल्क किताबें और साइकिलें दी जा रही हैं. मेधावी विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा की फीस सरकार भर रही है. गांव के हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी दी जाएगी. मैं बच्चों की आंखों के सपनों को मरने नहीं दूंगा. प्रदेश में 1 लाख पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है. मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना में भी हजारों युवाओं को प्रशिक्षण के साथ रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री कन्या विवाह या निकाह योजना में बेटियों के विवाह कराए जा रहे हैं. तीर्थ-दर्शन योजना में बुजुर्गों को हवाई जहाज से भी तीर्थ-दर्शन कराया जा रहा है.

तेंदूपत्ता संग्राहक को सीएम ने चरण पादुका पहनाई

समारोह में मुख्यमंत्री चौहान ने तेंदूपत्ता संग्राहक रामकली साकेत, भैयालाल, धर्मराज तथा अन्य हितग्राहियों को चरण पादुका पहनाई. मुख्यमंत्री ने लाड़ली लक्ष्मी, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, स्व-सहायता समूह क्रेडिट लिंकेज, मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ विक्रेता, प्रधानमंत्री मातृ वंदना तथा मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया.

गुदुम्ब बाजा, शैला तथा गेंड़ी नृत्य से सीएम का स्वागत

समारोह स्थल पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का गुदुम्ब बाजा, शैला तथा गेंड़ी नृत्य से स्वागत किया गया. लाड़ली बहना सेना तथा जनजाति हितग्राहियों ने मोर पंख की पगड़ी पहनाकर सम्मान किया. मुख्यमंत्री ने कन्या-पूजन कर बेटियों को सम्मानित किया तथा लाड़ली बहना सेना की बहनों से संवाद किया.

वन मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश में वन उपज देने वाले पौधों के रोपण का आरंभ कर नई पहल की गई है. सांसद रीति पाठक ने क्षेत्र में विकास की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार माना. विधायक देवसर सुभाष रामचरित वर्मा ने भी संबोधित किया. विधायक सर्वश्री राम लल्लू बैस और कुंवर सिंह टेकाम, पूर्व विधायक विश्वमित्र पाठक, राजेंद्र मेश्राम, प्यारेलाल कवर, गिरीश द्विवेदी, राम सुमिरन गुप्ता, वीरेंद्र गोयल, राजकुमार दुबे, अन्य जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में जन-समुदाय उपस्थित था.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital