Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

G7 Summit से भारत लौटे प्रधानमंत्री Narendra Modi, इटली की प्रधानमंत्री Giorgia Meloni के साथ ली गई सेल्फी वायरल

दिल्ली लौटने के बाद प्रधानमंत्री Narendra Modi ने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर लिखा कि G7 शिखर सम्मेलन में मैंने विश्व मंच पर भारत का दृष्टिकोण प्रस्तुत किया.

G7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी. इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी के साथ एक सेल्फी भी ली. (फोटो: X/IANS)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली के अपुलिया में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद शनिवार (15 जून) सुबह दिल्ली लौट आए. इसके बाद इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और नरेंद्र मोदी की एक तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी, जिसमें जॉर्जिया, पीएम मोदी के साथ सेल्फी लेती दिख रही हैं.

शुक्रवार (14 जून) को इटली के अपुलिया में आयोजित शिखर सम्मेलन के दौरान मेलोनी द्वारा ली गई तस्वीर में दोनों नेताओं को मुस्कुराते हुए देखा जा सकता है. वीडियो में मेलोनी को ‘मेलोडी टीम की ओर से नमस्ते’ कहते हुए सुना जा सकता है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी उनके साथ खड़े हैं.

‘मेलोडी’ एक टर्म है, जो पिछले साल पीएम मोदी और मिस मेलोनी की द्विपक्षीय बैठक के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था. शनिवार को पीएम मोदी के साथ एक वीडियो शेयर करते हुए मेलोनी ने सोशल साइट X पर लिखा, ‘Hi friends, from #Melodi’.

पिछले साल भी दुबई में COP28 जलवायु शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं की सेल्फी इंटरनेट पर खूब शेयर की गई थी. मेलोनी ने फोटो के साथ कैप्शन लिखा था, ‘COP28 में अच्छे दोस्त. #मेलोडी’.

तीसरी बार पीएम बनने के बाद पहली विदेश यात्रा

तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी की यह पहली विदेश यात्रा थी. वह G7 शिखर सम्मेलन के ‘आउटरीच सेशन’ में शिरकत करने के लिए अपुलिया पहुंचे थे.

दिल्ली लौटने के बाद पीएम मोदी ने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो भी शेयर किया और लिखा, ‘जी-7 शिखर सम्मेलन में मैंने विश्व मंच पर भारत का दृष्टिकोण प्रस्तुत किया.

वीडियो में पीएम मोदी की वर्ल्ड लीडर्स के बीच दीवानगी साफ देखने को मिल रही है. पीएम मोदी को दुनियाभर के शीर्ष नेताओं के मंच पर बीच में जगह दी गई.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को G7 शिखर सम्मेलन से इतर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से बातचीत की और द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी.

कार्यक्रम की सराहना

प्रधानमंत्री मोदी ने G7 आउटरीच शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रण के लिए मेलोनी को धन्यवाद दिया और कार्यक्रम के सफल समापन के लिए अपनी सराहना व्यक्त की.

पीएमओ ने कहा, ‘दोनों नेताओं ने नियमित उच्च राजनीतिक संवाद पर संतोष व्यक्त किया और भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की.’

आधिकारिक बयान में आगे कहा गया, ‘बढ़ते व्यापार और आर्थिक सहयोग पर खुशी जताते हुए उन्होंने स्वच्छ ऊर्जा, विनिर्माण, अंतरिक्ष, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, दूरसंचार, एआई और महत्वपूर्ण खनिजों में वाणिज्यिक संबंधों को बढ़ाने का आह्वान किया, ताकि लचीली आपूर्ति श्रृंखला बनाई जा सके. इस संदर्भ में उन्होंने औद्योगिक संपत्ति अधिकार (आईपीआर) पर हाल ही में हुए समझौता ज्ञापन का स्वागत किया, जो पेटेंट, डिजाइन और ट्रेडमार्क पर सहयोग के लिए एक रूपरेखा प्रदान करता है.’

पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी ने द्विपक्षीय रक्षा और सुरक्षा सहयोग पर भी चर्चा की और रक्षा औद्योगिक सहयोग को और बढ़ाने की उम्मीद जताई.

पोप को भारत आने का न्योता

वहीं इटली पहुंचने पर जॉर्जिया मेलोनी ने उनका हाथ जोड़ नमस्ते कहकर स्वागत किया था. इस दौरान वह अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनकर और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की, वैटिकन सिटी के प्रमुख पोप फ्रांसिस समेत दुनिया के कई नेताओं से मिलते नजर आए. शुक्रवार को G7 शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पोप फ्रांसिस को भारत आने का न्योता दिया.

इस वीडियो में जॉर्जिया मेलोनी के पीएम मोदी के साथ सेल्फी लेते हुए एक झलक भी है.


ये भी पढ़ें: भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी की पीएम मोदी और मेलोनी ने की समीक्षा, इन प्रस्तावों में सहयोग मजबूत करने पर सहमति


वीडियो शेयर करने से पहले पीएम मोदी ने शनिवार सुबह एक्स पर एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा, ‘अपुलिया में G7 शिखर सम्मेलन बेहद उपयोगी रहा. विश्व नेताओं से बातचीत हुई और अलग-अलग विषयों पर चर्चा की गई. साथ मिलकर, हमारा लक्ष्य ऐसे प्रभावशाली समाधान तैयार करना है, जिससे वैश्विक समुदाय को लाभ हो और भावी पीढ़ियों के लिए एक बेहतर दुनिया का निर्माण हो.’

इन नेताओं के साथ बैठक

G7 में अमेरिका, जापान, जर्मनी, ब्रिटेन, फ्रांस, इटली और कनाडा शामिल हैं. ये देश हर साल एक सम्मेलन में दुनिया के अहम मुद्दों पर चर्चा करते हैं. पिछली बार G7 समिट जापान में हुआ था. भारत अब तक 11 बार इस सम्मेलन में शामिल हो चुका है. सबसे पहले 2003 में प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को इस सम्मेलन के लिए फ्रांस ने निमंत्रण दिया था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2019 से लगातार इस सम्मेलन की बैठक में शामिल हो रहे हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और जापान से प्रधानमंत्री फूमियो किशिदा से अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें कीं.

इसके बाद उन्होंने G7 के आउटरीच सत्र में हिस्सा लिया. आउटरीच सत्र के बाद उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन समेत कई वैश्विक नेताओं से बातचीत की.

वह ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा, तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब इरदुगान, यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, जॉर्डन के शाह अब्दुल्ला और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश से भी मुलाकात की.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital

Latest