Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

IND vs AUS: एडिलेड टेस्ट से पहले भारत डे-नाइट वार्म अप टेस्ट खेलेगा

वेस्टइंडीज ने 2022 में प्रधानमंत्री एकादश के ख़िलाफ एक डे-नाइट अभ्यास मैच खेला था और इसके बाद पाकिस्तान ने भी 2023 में अभ्यास मैच खेला था.

Indian Cricket Team

Indian Cricket Team (Photo- IANS)

एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डे-नाइट टेस्ट से पहले भारत दो दिवसीय पिंक बॉल वार्म अप मैच खेलेगा. कैनबरा में खेले जाने वाले इस वार्म अप मैच में भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया की प्रधानमंत्री एकादश से होगा. इससे भारत को फ्लडलाइट के अंदर खेलने का एक अभ्यास प्राप्त हो जाएगा. इस मैच का आयोजन 30 नवंबर से 1 दिसंबर तक होगा. पहले और दूसरे टेस्ट मैच के बीच में जो गैप होगा, उसी दौरान मैच को आयोजित करने का प्लान बनाया गया है.

ऑस्ट्रेलिया में इससे पहले के दो सीजन में भी दो बार प्रधानमंत्री एकादश के खिलाफ अभ्यान मैचों का आयोजन करवाया गया था. वेस्टइंडीज ने 2022 में प्रधानमंत्री एकादश के ख़िलाफ एक डे-नाइट अभ्यास मैच खेला था और इसके बाद पाकिस्तान ने भी 2023 में अभ्यास मैच खेला था. हालांकि भारत जो अभ्यास मैच खेल रहा है, उसे चार दिवसीय की जगह, दो दिवसीय मैच के रूप में आयोजित करवाया जाएगा.

2020-21 में ऑस्ट्रेलिया के अपने पिछले दौरे पर भारत एडिलेड में डे-नाइट टेस्ट आठ विकेट से हार गया था. उस मैच में भारत दूसरी पारी में सिर्फ 36 के स्कोर पर आउट हो गया था. टेस्ट में वह भारत का सबसे छोटा स्कोर था. हालांकि उन्होंने उस हार से वापसी करते हुए, उस सीरीज को 2-1 से जीत लिया था.

भारत-ऑस्ट्रेलिया के उस दौरे पर एडिलेड चार मैचों की श्रृंखला का शुरुआती टेस्ट था, जो कोविड-19 की चुनौतियों के बावजूद आयोजित किया गया था. हालांकि इस बार श्रृंखला पर्थ में शुरू होगी और इसमें पांच टेस्ट शामिल होंगे. कुल मिलाकर भारत ने केवल चार डे-नाइट टेस्ट खेले हैं, जिनमें सबसे हालिया 2022 में बेंगलुरु में श्रीलंका के ख़िलाफ था. वहीं ऑस्ट्रेलिया ने 12 (सभी घरेलू मैदान पर) पिंक बॉल टेस्ट खेले हैं.

पिछले सीज़न में ब्रिस्बेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्हें पिंक बॉल टेस्ट में आठ रनों से हार का सामना करना पड़ा था. यह उनकी पहली हार थी. हालिया सीजन में जो भी अभ्यास मैच खेले गए हैं, उसमें ऑस्ट्रेलिया ए टीम के ज़्यादातर खिलाड़ियों को शामिल किया जाता है. हालांकि पिछली बार जब पाकिस्तान की टीम ने अभ्यास मैच खेला था, तब पाकिस्तानी टीम ने ओवल की पिच की आलोचना की थी. उनका कहना था कि पिच काफ़ी धीमी थी और उन्हें तैयारी करने के लिए सही परिस्थितियां नहीं मिलीं.

हालांकि उस मैच के दौरान खराब मौसम के कारण ग्राउंड्समैन का काम काफ़ी मुश्किल बन गया था. अभ्यास मैच के अंतिम दिन इतनी बारिश हो गई कि कोई खेल ही नहीं हो पाया. भारत को 22 नवंबर को होने वाले पहले टेस्ट से पूर्व 15 नवंबर से 18 नवंबर तक वाका में इंट्रा-स्क्वाड वार्म अप मैच खेलना है. भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू टेस्ट श्रृंखला के बाद ऑस्ट्रेलिया पहुंचेगा. भारत ए टीम अक्टूबर के अंत में ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी और मैके और मेलबर्न में दो चार दिवसीय मैच खेलेगी.

ये भी पढ़ें- IND vs SL: श्रीलंका ने 27 साल बाद भारत को द्विपक्षीय ODI सीरीज में हराया, तीसरे मैच में 110 रनों से दी शिकस्त

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital