अनिल कपूर और बोनी कपूर
Anil Kapoor: 90 के दशक के बेहतरीन कलाकार अनिल कपूर आज भी स्क्रीन पर अपनी एक्टिंग से लोगों का दिल जीत लेते हैं. अपने करियर में अनिल ने एक से बढ़कर एक बेहतरीन फिल्मों में काम किया है. फिर चाहे वो तेजाब हो या फिर राम लखन. स्क्रीन पर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है. अनिल कपूर के अंदर एक्टिंग का जुनून है और वे बचपन से ही एक्टिंग की दुनिया में आना चाहते थे.
लेकिन क्या आप उनसे जुड़ा एक किस्सा जानते हैं जो उनकी पहली फिल्म से जुड़ा है? इसके बारे में खुद उनके बड़े भाई और प्रोड्यूसर बोनी कपूर ने खुलासा किया है. बोनी कपूर ने अनिल कपूर का वो किस्सा बताया जब अनिल अपनी फिल्म की शूटिंग के बाद 3 दिन तक नहीं नहाए थे. तो चलिए जानते हैं अनिल ने ऐसा क्यों किया था?
जब 2-3 दिन तक नहीं नहाए थे अनिल कपूर
बोनी कपूर ने हाल ही में हुए एक इंटरव्यू के दौरान बताया कि अनिल कपूर हमेशा से स्टार बनना चाहते थे और उन्होंने इसके लिए बहुत मेहनत की है. बोनी ने कहा कि जब वो स्कूल में था तो उसने शशि कपूर के बचपन का रोल प्ले किया था. उस समय उसको एक्टिंग का इतना शौक था कि वो 2-3 दिन तक नहीं नहाया था.
बोनी कपूर ने बताई यह मजेदार वजह
बोनी कपूर ने आगे कहा कि वो नहीं चाहता था कि उसका मेकअप उतर जाए. वो चाहता था कि सबको ये पता चल जाए कि वो हीरो बन गया है. उसने अपनी जिंदगी में बहुत संघर्ष किया है. उसने तेलुग और कन्नड़ फिल्मों में भी काम किया है. अनिल ने अपने करियर में मणिरत्नम की पहली फिल्म से काम शुरू किया था. वो हमेशा से बहुत मेहनती रहा है.”
साफ करवा दिए थे छाती के बाल
इसके अलावा बोनी कपूर ने वो किस्सा भी शेयर किया था जब अभिनेता ने रमेश सिप्पी की एक फिल्म के लिए अपनी छाती से सारे बाल साफ करवा दिए थे. उन्होंने कहा रमेश सिप्पी की फिल्म के लिए वो एक 16 साल के लड़के की तरह दिखना चाहता था इसलिए उसने अपनी छाती के सारे बाल साफ करवा दिए थे. अपनी लंबाई बढ़ाने के लिए वो पुश-अप्स करता था.
अनिल कपूर का वर्कफ्रंट
अनिल कपूर के वर्कफ्रंट की बात करें तो उन्होंने हाल ही में अपना 68वां जन्मदिन मनाया था. इस खास मौके पर मेकर्स ने फिल्म ‘सूबेदार’ से उनके लुक की एक झलक और एक छोटा सा टीजर रिलीज किया था. ‘सूबेदार’ में अनिल कपूर के साथ राधिका मदान मुख्य भूमिका में नजर आने वाली हैं. इससे पहले उन्होंने ‘फाइटर’, ‘सावी’ और ‘एनिमल’ जैसी फिल्मों में काम किया है. अनिल कपूर की सबसे ज्यादा चर्चा फिल्म ‘एनिमल’ को लेकर हुई थी. अभिनेता बढ़ती उम्र में भी अपनी फिटनेस को लेकर काफी एक्टिव रहते हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



