Urdu Conclave 2026

‘अब AAP के भ्रष्टाचार खुलकर जनता के सामने आएंगे’, विजेंद्र गुप्ता बोले- CAG की सभी रिपोर्ट पहले ही सत्र में सदन के पटल पर होंगी

भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता ने आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाया कि उसने पिछले 5 वर्षों में सीएजी की 14 रिपोर्ट्स दबाई, जिनमें केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार के सबूत थे. अब भाजपा सरकार आने के बाद ये रिपोर्ट्स विधानसभा में रखी जाएंगी, जिससे भ्रष्टाचार का पर्दाफाश होगा.

Vijendra Gupta

भाजपा के वरिष्ठ नेता विजेंद्र गुप्ता ने आम आदमी पार्टी पर रविवार को जोरदार निशाना साधते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया. पोस्ट में उन्होंने कहा कि अब तक आम आदमी पार्टी ने बीते 5 वर्षों में सीएजी की 14 रिपोर्ट छिपाई. अब इन रिपोर्ट को विधानसभा में रखा जाएगा. क्योंकि दिल्ली में अब भाजपा की सरकार है.

विजेंद्र गुप्ता ने X पर किया शेयर वीडियो

विजेंद्र गुप्ता ने सोशल मीडिया मंच X.com पर वीडियो शेयर किया, साथ ही पोस्ट लिखा, “आम आदमी पार्टी ने पिछले 5 वर्षों में सीएजी की 14 रिपोर्ट्स दबाई, क्योंकि उनमें आम आदमी पार्टी की सरकार और केजरीवाल के भ्रष्टाचार का काला चिट्ठा छिपा था. 2017 के बाद से एक भी सीएजी रिपोर्ट सदन में पेश नहीं हुई. अब तो सत्ता परिवर्तन हो चुका है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि सीएजी की सभी रिपोर्ट विधानसभा के पहले ही सत्र में सदन के पटल पर रखी जाएंगी.”

पोस्ट में आगे लिखा, “इससे ‘आप’ सरकार के भ्रष्टाचार के सबूत जनता के सामने आएंगे, जो अब तक छिपाए जा रहे थे. हमने हर स्तर पर संघर्ष किया, राष्ट्रपति जी तक गए, कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, सदन में आवाज उठाई, लेकिन हर बार सदन में विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की गई. अब आप का भ्रष्टाचार सबके सामने आएगा. दिल्ली की जनता से मेरा आग्रह है कि जब सीएजी रिपोर्ट सदन में रखी जाए, तो ध्यान से पढ़िएगा, सुनिएगा और देखिएगा कि कैसे इन लोगों ने 10 साल तक छल किया. इन्हें माफ मत कीजिएगा, ये भ्रष्टाचारी भागते नजर आएंगे.”

विजेंद्र गुप्ता ने विधानसभा सीट पर जीत की हासिल

विजेंद्र गुप्ता ने रोहिणी विधानसभा सीट पर जीत हासिल की है. विजेंद्र ने कहा कि मतदाताओं ने 38,000 वोटों से भव्य विजय दिलाकर एक बार फिर विकास और सुशासन पर भरोसा जताया है.

बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के परिणाम 8 फरवरी को घोषित किए गए. भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला है. भाजपा के खाते में 48 सीट आई हैं और 10 साल से सत्ता में काबिज आम आदमी पार्टी को 22 सीट मिली हैं.


ये भी पढ़ें: सीएम की कुर्सी गई, मगर कितनी सुविधाएं बचीं? जानिए पूर्व मुख्यमंत्रियों को मिलने वाले खास सरकारी फायदे


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read