जापानी कार निर्माता सुजुकी मोटर ने 2030 तक वैश्विक बिक्री को 4.2 मिलियन वाहनों तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा है. यह बढ़ोतरी करीब 33% होगी और इसका सबसे बड़ा हिस्सा भारत में विस्तार पर केंद्रित होगा.
कंपनी के मुताबिक, भारत में इसकी कुल बिक्री का 60% हिस्सा रहेगा. साथ ही, सुजुकी अपने 2 ट्रिलियन येन (करीब 13 अरब डॉलर) के निवेश का 60% हिस्सा भारत में लगाएगी. यह निवेश 2030 के वित्तीय वर्ष तक किया जाएगा.
भारत में उत्पादन क्षमता बढ़ाएगी सुजुकी
सुजुकी भारत में स्थानीय मांग को पूरा करने के लिए उत्पादन क्षमता बढ़ाएगी. इसके अलावा, भारत को अफ्रीका और मध्य पूर्व के लिए एक निर्यात केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा.
टोक्यो में आयोजित एक रणनीतिक बैठक में सुजुकी के अध्यक्ष तोशिहिरो सुजुकी ने कहा, “भारत हमारे लिए सबसे अहम बाजार है, जहां हम सबसे ज्यादा ध्यान केंद्रित कर रहे हैं.”
1980 के दशक से भारत में कर रही है निवेश
सुजुकी ने 1980 के दशक से ही भारत में बड़े स्तर पर निवेश किया है. भारत में उसकी मारुति सुजुकी सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनियों में से एक है, जिसका देश के कार बाजार में लगभग 40% हिस्सा है.
हालांकि, कंपनी ने फिस्कल ईयर 2030 तक भारत में चार बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन (EV) लॉन्च करने की योजना बनाई है. पहले कंपनी ने छह इलेक्ट्रिक वाहन लाने की योजना बनाई थी, लेकिन अब इसे कम कर दिया गया है.
2030 तक मुनाफे और राजस्व में बड़ा उछाल
सुजुकी का लक्ष्य 2030 तक कम से कम 10% का ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन हासिल करना है, जो पिछले वित्तीय वर्ष में 9.2% था.
इसके अलावा, कंपनी ने रिटर्न ऑन इक्विटी (ROE) को 15% तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा है, जो पहले 12.6% था.
कंपनी ने यह भी कहा कि वह 2030 तक कुल राजस्व 8 ट्रिलियन येन तक बढ़ाने का लक्ष्य रख रही है. यह आंकड़ा वर्तमान की तुलना में 49% ज्यादा होगा.
ये भी पढ़ें- वेलनेस टूरिज्म किस तरह यात्रियों के बीच अगली यात्रा प्रवृत्ति बन रहा है
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


