Abrar Ahmed Instagram Post: भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के मुकाबले के बाद पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गए. हालांकि, यह चर्चा उनकी गेंदबाजी से ज्यादा उनके सेलिब्रेशन को लेकर थी. शुभमन गिल को आउट करने के बाद उनके जश्न की काफी आलोचना हुई थी, यहां तक कि पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटरों ने भी उन्हें इसके लिए फटकार लगाई थी.
अब इस विवाद के बीच, अबरार अहमद ने भारतीय दिग्गज विराट कोहली को लेकर एक खास पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने कोहली के प्रति आभार व्यक्त किया है.
View this post on Instagram
अबरार अहमद ने जताया आभार
अबरार अहमद ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक कोलाज साझा किया, जिसमें भारत-पाकिस्तान मैच के कुछ खास पल कैद हैं. इन तस्वीरों में से एक में विराट कोहली को अबरार अहमद की पीठ थपथपाते हुए देखा जा सकता है, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि कोहली ने उनकी गेंदबाजी की सराहना की थी.
इस तस्वीर के साथ अबरार अहमद ने एक खास कैप्शन भी लिखा, जिसमें उन्होंने कोहली को लेकर कहा,
“मेरे बचपन के हीरो विराट कोहली को गेंदबाजी करना मेरे लिए गर्व की बात है. उनकी सराहना के लिए मैं आभारी हूं. एक क्रिकेटर के रूप में उनकी महानता केवल एक व्यक्ति के रूप में उनकी विनम्रता से मेल खाती है. चाहे मैदान पर हो या मैदान के बाहर, कोहली एक सच्ची प्रेरणा हैं.”
भारत ने पाकिस्तान को हराकर किया था टूर्नामेंट से बाहर
23 फरवरी को खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया था. इस हार के बाद पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो गया, क्योंकि इससे पहले उसे न्यूजीलैंड के खिलाफ भी शिकस्त मिली थी.
इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चार टीमें तय हो चुकी हैं- ग्रुप ए से भारत और न्यूजीलैंड, जबकि ग्रुप बी से ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका ने अंतिम चार में प्रवेश किया है. अब देखना दिलचस्प होगा कि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब किस टीम के नाम रहता है.
इसे भी पढ़ें- Champions Trophy में 24 साल बाद भिड़ेंगे भारत और न्यूजीलैंड, जानें पिछली टक्कर में क्या हुआ था
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
