Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

शंभू और खनौरी बॉर्डर से किसानों को हटाने की प्रक्रिया शुरू, 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात और इंटरनेट बंद

पंजाब पुलिस ने बुधवार को किसान नेताओं जगजीत सिंह डल्लेवाल और सरवन सिंह पंधेर को मोहाली में हिरासत में ले लिया.

Farmer Protest

पंजाब पुलिस ने बुधवार को किसान नेताओं जगजीत सिंह डल्लेवाल और सरवन सिंह पंधेर को मोहाली में हिरासत में ले लिया. इस दौरान किसानों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प हुई, जब किसान खनौरी और शंभू सीमा बिंदुओं की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे थे. इन दोनों स्थानों पर किसान 13 फरवरी 2023 से प्रदर्शन कर रहे थे. शंभू और खनौरी दोनों स्थानों पर लगभग 3000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं.

खनौरी और शंभू सीमा पर पुलिस कार्रवाई

खनौरी सीमा पर 200 किसानों को हिरासत में लिया गया है, जबकि शंभू सीमा पर लगभग 300 किसान मौजूद हैं, जिन्हें जल्द ही हिरासत में लिया जा सकता है. किसानों और पुलिस के बीच झड़प के बाद, खनौरी सीमा और आसपास के संगरूर और पटियाला जिलों में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं. इसके अलावा, पंजाब के कई इलाकों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं.

पुलिस ने शंभू बॉर्डर पर किसानों के टेंट ध्वस्त किए

पंजाब पुलिस ने पंजाब-हरियाणा शंभू बॉर्डर पर किसानों द्वारा लगाए गए टेंटों को ध्वस्त कर दिया, जहां वे अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे. पंजाब-हरियाणा शंभू बॉर्डर से किसानों को हटाया जा रहा है.

चरणजीत सिंह चन्नी ने किया हमला

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा, “किसानों पर साजिश के तहत हमला किया जा रहा है. सिर्फ पंजाब ही नहीं, बल्कि पूरा किसान समुदाय आज बड़े हमले का सामना कर रहा है. आज (चंडीगढ़ में) एक बैठक हुई, जिसमें तय हुआ कि अगले दौर की वार्ता 4 मई को होगी, लेकिन किसानों पर पीछे से हमला किया गया और उन्हें धोखा दिया गया. सड़क सरकार ने रोकी है, किसानों ने नहीं. वे दिल्ली आना चाहते हैं.”

एसएसपी नानक सिंह ने दी जानकारी

पटियाला के एसएसपी नानक सिंह ने इस कार्रवाई के बारे में बताया कि किसान लंबे समय से शंभू बॉर्डर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस ने उन्हें उचित चेतावनी देने के बाद इलाके को खाली करा दिया. कुछ किसानों ने घर जाने की इच्छा जताई, जिसके बाद उन्हें बसों में बैठाकर उनके घर भेज दिया गया.

सड़क को यातायात के लिए खोलने की तैयारी

एसएसपी ने बताया कि इसके अलावा, यहां के ढांचे और वाहनों को हटाया जा रहा है. पूरी सड़क को साफ कर यातायात के लिए खोल दिया जाएगा. हरियाणा पुलिस भी अपनी कार्रवाई शुरू करेगी, और जैसे ही उनकी तरफ से रास्ता खुलेगा, हाईवे पर आवाजाही फिर से शुरू हो जाएगी. पुलिस को बल प्रयोग की जरूरत नहीं पड़ी, क्योंकि कोई विरोध नहीं हुआ. किसानों ने अच्छा सहयोग किया और वे खुद ही बसों में बैठ गए.

किसानों की बढ़ती संख्या और प्रदर्शन

किसानों को हिरासत में लिए जाने के बाद, बॉर्डरों पर और अधिक किसान पहुंचने लगे हैं. किसान संगठनों ने किसानों से अपील की है कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में खनौरी बॉर्डर पर पहुंचें. किसानों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. पुलिस ने किसानों द्वारा बनाए गए अस्थायी मंच से पंखे हटा दिए, जहां वे अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे.

किसान नेताओं को बहादुरगढ़ कमांडो सेंटर भेजा गया

सरवन सिंह पंधेर और अन्य किसान नेताओं को बहादुरगढ़ कमांडो ट्रेनिंग सेंटर लाया गया है. इसके अलावा पंजाब पुलिस ने कई बड़े किसान नेताओं को हिरासत में लिया है. किसान लगभग डेढ़ महीने से इन दोनों बॉर्डरों पर प्रदर्शन कर रहे थे.

चंडीगढ़ में बैठक के बाद कोई ठोस नतीजा नहीं निकला

चंडीगढ़ में किसान नेताओं और केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई सातवीं बैठक का कोई ठोस नतीजा नहीं निकला. यह बैठक तीन घंटे से अधिक चली, जिसमें केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के हित को सर्वोपरि बताया. उन्होंने कहा कि बातचीत सकारात्मक और रचनात्मक रही, और अगली बैठक 4 मई को होगी.

बैठक के तुरंत बाद, जब किसान नेता चंडीगढ़ से मोहाली पहुंचे, तो पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया. इस दौरान सरवन सिंह पंधेर, जगजीत सिंह डल्लेवाल, अभिमन्यु कोहर, काका सिंह कोटरा और मंजीत सिंह राय को हिरासत में लिया गया. पुलिस ने शंभू और खनौरी सीमा बिंदुओं पर भी भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया है.

सरकार की रणनीति और किसानों की मांगें

जानकारी के मुताबिक, सरकार ने शंभू और खनौरी बॉर्डर को खाली कराने की रणनीति बनाई है, जिसके तहत यह कार्रवाई की गई. ये सभी नेता किसानों की मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं और सरकार से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी समेत अन्य मांगों को पूरा करने की अपील कर रहे हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital