Urdu Conclave 2026

Fact Check: क्या सरकार छात्रों को उपलब्ध करा रही फ्री लैपटॉप? PIB ने बताया सच

भारत सरकार छात्रों को मुफ्त लैपटॉप दे रही है – इस तरह के एक फर्जी मैसेज को लेकर PIB फैक्ट चेक टीम ने चेतावनी जारी की है. जानिए इस स्कैम की सच्चाई, सरकार का बयान और कैसे बचें ऐसे फ्रॉड से…

Free Laptop Scheme Govt

Fact Check: सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही एक फर्जी योजना को लेकर भारत सरकार की प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक टीम ने चेतावनी जारी की है. यह झूठा दावा किया जा रहा है कि सरकार छात्रों को मुफ्त लैपटॉप दे रही है. PIB ने इस दावे को पूरी तरह फर्जी करार दिया है और लोगों से ऐसे लिंक पर क्लिक न करने की अपील की है.

यह स्कैम खासकर व्हाट्सएप पर फैलाया जा रहा है. एक फर्जी पोस्टर के साथ यह मैसेज वायरल हो रहा है जिसमें लिखा है कि “Government Free Laptop Scheme” के तहत सरकार देशभर के छात्रों को डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मुफ्त लैपटॉप दे रही है. पोस्टर में शिक्षा मंत्रालय का लोगो भी है, जिससे यह असली लगने की कोशिश की गई है.

व्हाट्सएप पर फैलाया जा रहा फर्जी लिंक

लिंक में एक वेबसाइट (https://[email protected]/IndiaFreeLaptop-413) दी गई है, जहां आवेदन करने को कहा गया है. लेकिन PIB फैक्ट चेक ने इस पोस्टर को “FAKE” बताया है और कहा है कि ऐसी कोई योजना भारत सरकार ने शुरू नहीं की है.

PIB ने 18 मई की सुबह 8 बजे अपने आधिकारिक X (पहले ट्विटर) अकाउंट से चेतावनी दी –”फ्री लैपटॉप? व्हाट्सएप पर एक मैसेज वायरल हो रहा है जिसमें दावा किया गया है कि केंद्र सरकार छात्रों को मुफ्त लैपटॉप दे रही है. #PIBFactCheck – यह दावा फर्जी है और लिंक भी फ्रॉड है. कृपया ऐसे किसी भी लिंक पर क्लिक न करें. हमेशा सरकारी स्रोतों से ही जानकारी की पुष्टि करें.”

यह स्कैम छात्रों को निशाना बना रहा है. यह दावा करता है कि पढ़ाई में मदद के लिए फ्री लैपटॉप दिए जा रहे हैं, और फिर छात्रों से उनकी निजी जानकारी ली जाती है. यह साइबर धोखाधड़ी का आम तरीका है, जिसमें डाटा चोरी या वायरस फैलाने की कोशिश होती है.

PIB ने साफ कहा है कि शिक्षा मंत्रालय की इस योजना से कोई संबंध नहीं है. सरकार की ओर से ऐसी कोई पहल नहीं की गई है. ऐसे फर्जी मामलों की यह पहली घटना नहीं है.

पहले भी चुके हैं ऐसे स्कैम

इससे पहले भी “प्रधानमंत्री फ्री लैपटॉप योजना 2023-24” जैसे स्कैम सामने आ चुके हैं. हर बार फर्जी पोस्टर और सरकारी लोगो का इस्तेमाल करके लोगों को गुमराह किया जाता है. इसलिए जरूरी है कि लोग डिजिटल   जागरूकता रखें. किसी भी ऑफर पर तुरंत भरोसा न करें, खासकर जब वह आपकी निजी जानकारी मांग रहा हो.

सरकार की असली योजनाएं और छात्रवृत्तियां केवल आधिकारिक वेबसाइटों और विश्वसनीय प्लेटफॉर्म पर मिलती हैं. जैसे कि AICTE-INAE ट्रैवल ग्रांट योजना और AICTE AURA योजना जो इंजीनियरिंग छात्रों और रिसर्च को बढ़ावा देती हैं. लेकिन इनमें से कोई भी योजना फ्री लैपटॉप देने से जुड़ी नहीं है.

अगर आपको किसी स्कैम की जानकारी मिलती है, तो उसे PIB फैक्ट चेक टीम को X (@PIBFactCheck) पर जरूर रिपोर्ट करें. किसी भी अनजाने लिंक से बचें और जानकारी को हमेशा सरकारी स्रोतों से जांचें. सतर्क रहें, सुरक्षित रहें.

ये भी पढ़ें: पाकिस्तानी मीडिया ने ही शहबाज शरीफ और इशाक डार को कर दिया बेनकाब, झूठी खबर के जरिए थपथपा रहे थे पाक सेना की पीठ

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read