आईपीएल 2025 (IPL 202) में रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में केएल राहुल ने अपने नए ओपनिंग रोल में धमाकेदार अंदाज में वापसी की. उन्होंने नाबाद 112 रनों की शानदार पारी खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स को गुजरात टाइटंस के खिलाफ 20 ओवरों में 199/3 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया.
थोड़े धीमे विकेट पर राहुल का बल्ला पूरी लय में नजर आया. उन्होंने 65 गेंदों पर 14 चौकों और 4 छक्कों की मदद से ये पारी खेली. यह उनका आईपीएल में पांचवां शतक था. खास बात यह रही कि राहुल अब आईपीएल इतिहास में तीन अलग-अलग टीमों के लिए शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं – इससे पहले वह पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए भी सैकड़ा जड़ चुके हैं.
राहुल की इस तूफानी पारी में टीम के बाकी बल्लेबाजों ने भी अच्छा साथ निभाया. अभिषेक पोरेल ने 19 गेंदों में 30 रन बनाए, कप्तान अक्षर पटेल ने 16 गेंदों में 25 रनों की तेज पारी खेली और त्रिस्टन स्टब्स ने भी अंत में 10 गेंदों में नाबाद 21 रन जोड़कर टीम को दमदार स्कोर तक पहुंचाया.
पहले बल्लेबाजी के लिए भेजी गई दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत राहुल ने शानदार अंदाज में की. मोहम्मद सिराज के पहले ओवर में ही दो चौके निकाले – एक तो डीप थर्ड मैन पर फील्डिंग में चूक से और दूसरा शानदार बैकफुट कट के जरिए. वहीं फाफ डु प्लेसिस लय में नहीं दिखे और अर्शद खान की गेंद पर मिड ऑन पर कैच थमा बैठे.
राहुल ने सिराज की शॉर्ट और वाइड गेंदों को कट और पुल करके लगातार बाउंड्री बटोरी. कगिसो रबाडा के ओवर में राहुल का क्लास देखने लायक था – एक गेंद पर स्क्वायर लेग के ऊपर से छक्का, फिर पॉइंट के ऊपर से शानदार चौका और अंत में लंबा छक्का जमाकर पावरप्ले का जबरदस्त अंत किया. दिल्ली ने पावरप्ले के 6 ओवरों में 45/1 रन बनाए.
इसके बाद राहुल ने प्रसिध कृष्णा और राशिद खान के खिलाफ सिंगल-डबल लेकर स्ट्राइक रोटेट की और फिर sweep shot पर चौका लगाकर 35 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया. इस दौरान एक बार किस्मत ने भी उनका साथ दिया जब साई किशोर उनका टॉप एज कैच नहीं पकड़ पाए.
राहुल की खासियत रही कि वो लगातार गैप्स में शॉट मारते रहे. एक गेंद पर उन्होंने पीछे हटते हुए सीधा छक्का लगाया तो अगले ओवर में किशोर की गेंदों पर लगातार तीन चौके जड़ दिए – एक स्ट्रेट ड्राइव, एक फ्लिक और एक एज जो स्लिप से निकल गई.
आखिरी चार ओवरों में उन्हें ज्यादा स्ट्राइक नहीं मिली, लेकिन फिर भी उन्होंने प्रसिध के खिलाफ छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया और घरेलू दर्शकों से जमकर तालियां बटोरीं. अंत में उन्होंने सिराज के खिलाफ रिवर्स पैडल और ड्राइव से दो चौके लगाकर पारी का जोरदार अंत किया और GT के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी.
ये भी पढ़ें- नीरज चोपड़ा ने 90 मीटर का आंकड़ा पार करने पर बधाई संदेश के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद दिया
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

