राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मणिपुर के जिरीबाम ज़िले में नवंबर 2024 में हुई महिला की निर्मम हत्या, घरों में आगजनी और लूटपाट के मामले में एक और उग्रवादी को गिरफ्तार किया है.
अदालत ने इम्फाल की एनआईए कोर्ट में पेश होने की दी अनुमति
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान राजकुमार मइपकसाना के रूप में हुई है, जो मणिपुर के प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांग्लेपाक (PREPAK) से जुड़ा हुआ है. उसे केरल के कन्नूर ज़िले से पकड़ा गया. कोच्चि स्थित एनआईए की विशेष अदालत ने उसे ट्रांजिट रिमांड पर इम्फाल की एनआईए कोर्ट में पेश करने की अनुमति दी है.
नवंबर में हुई थी महिला की हत्या
राजकुमार, जिरीबाम जिले का ही निवासी है और ज़ैरावन गांव में नवंबर 2024 में हुए उस भयावह हमले में प्रमुख आरोपियों में शामिल था, जिसमें जोसांगकिम नामक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी, और गांव के कई घरों को जला दिया गया और लूट लिया गया था.
एनआईए ने दो और उग्रवादियों को किया था गिरफ्तार
एनआईए ने इस मामले में पिछले हफ्ते दो और उग्रवादियों को गिरफ्तार किया था, जो अलग-अलग उग्रवादी संगठनों से संबंध रखते हैं. यह मामला RC-13/2024/NIA/IMP के तहत दर्ज है. एजेंसी फिलहाल इस जघन्य अपराध से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और जांच जारी है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
