Bharat Express DD Free Dish

Pahalgam Attack: एलजी मनोज सिन्हा ने पहलगाम हमले में जान गंवाने वाले आदिल के परिजनों से की मुलाकात, पत्नी को इस विभाग में दी स्थायी नौकरी

मृतक आदिल हुसैन की पत्नी गुलनाज अख्तर को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने नियुक्ति पत्र दिया. इस संबंध में मनोज सिन्हा ने कहा कि गुलनाज अख्तर को अनंतनाग में मतस्य पालन विभाग में स्थायी नौकरी दी गई है.

Pahalgam Attack

Pahalgam Attack

Pahalgam Attack:  जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पहलगाम आतंकी हमले में पर्यटकों को बचाने के प्रयास में जान गंवाने वाले सैयद आदिल हुसैन शाह के परिजनों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने शाह की पत्नी गुलनाज अख्तर को नियुक्ति पत्र सौंपा और आदिल हुसैन के साहस और जज्बे को सलाम किया.

22 अप्रैल 2025 को जम्मू कश्मीर के पहलगाम के बैसरन घाटी में आतंकियों के द्वारा किये गए हमले में 26 पर्यटकों की मौत हो गई थी. इस हमले में पर्यटकों की जान बचाने में पहलगाम के ही स्थानीय निवासी और टट्टू चालक सैयद आदिल हुसैन शाह की मौत हो गई थी. जिनकी बहादुरी को हर भारतवासी ने सलाम किया.

मनोज सिन्हा ने दिया नियुक्ति पत्र

Pahalgam Attack
मृतक आदिल हुसैन की पत्नी गुलनाज अख्तर को नियुक्ति पत्र देते एलजी मनोज सिन्हा

मृतक आदिल हुसैन की पत्नी गुलनाज अख्तर पहलगाम के हापतनार इलाके में रहती हैं. जहां पहुंचकर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उन्हें नियुक्ति पत्र दिया. इस संबंध में मनोज सिन्हा ने कहा कि गुलनाज अख्तर को अनंतनाग में मतस्य पालन विभाग में स्थायी नौकरी दी गई है.

मृतक टट्टू चालक की पत्नी को दी गई स्थायी नौकरी

Pahalgam Attack
टट्टू चालक के परिजनों को समझाते मनोज सिन्हा

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर सरकार टट्टू चालक आदिल शाह द्वारा दिखाई गई बहादुरी के लिए उनके परिवार का आभार प्रकट किया है. इसलिए उनकी पत्नी को स्थायी सरकारी नौकरी दी गई है. आदिल शाह के परिवार को सरकार पहले ही वित्तीय सहायता दे चुकी है.

ये भी पढ़ें- अहमदाबाद विमान दुर्घटना: काली पट्टी बांधेगा ब्रिटिश शाही परिवार, रखा जाएगा एक मिनट का मौन

आदिल की पत्नी को नौकरी देना हमारी कृतज्ञता

Pahalgam Attack
आदिल शाह के परिजनों से मिलते मनोज सिन्हा

इस संबंध में मनोज सिन्हा ने कहा कि मृतक आदिल की पत्नी को सरकारी नौकरी देना हमारी गहरी कृतज्ञता का प्रतीक है. हमने उनके परिवार को अन्य सहायता देने का आश्वासन दिया है ताकि वो अपना जीवन सम्मान पूर्वक जी सकें.

ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने मार गिराये 100 से ज्यादा आतंकी

बता दें कि, 22 अप्रैल को पहलगाम के बैसरन घाटी में आतंकवादियों के द्वारा पर्यटकों पर हमला कर दिया गया. इस दौरान आतंकियों ने पर्यटकों से उनका धर्म पूछकर गोली मार दी. इस गोलीबारी में कुल 26 लोग मारे गए. जिसमें आदिल शाह भी थे. आतंकवादियों के द्वारा किए गए इस कायराना हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत सैन्य कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान में मौजूद आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया. जिसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए.

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest