Yoga Day 2025: शनिवार को पूरे देश के साथ राजधानी दिल्ली भी 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (Yoga Day 2025) धूमधाम से मनाने जा रही है. इस खास मौके पर राजधानी में हजारों लोग योग कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. लोगों की आवाजाही में कोई परेशानी न हो, इसके लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने खास इंतजाम किए हैं.
इस दिन, यानी 21 जून को दिल्ली मेट्रो की शुरुआत आम दिनों से दो घंटे पहले यानी सुबह 4 बजे से होगी. यह बदलाव मेट्रो की सभी लाइनों पर लागू रहेगा. हालांकि, एक और महत्वपूर्ण बात ये है कि शुरुआती घंटों में मेट्रो सेवाएं हर 30 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होंगी. ऐसे में सफर की योजना बनाने से पहले इस बदलाव को ध्यान में रखना जरूरी है.
DMRC ने दी जानकारी
DMRC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि योग दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही की उम्मीद है, इसलिए सभी प्रारंभिक स्टेशन से मेट्रो सेवाएं सुबह 4 बजे से शुरू की जाएंगी. यह सुविधा उस समय तक लागू रहेगी, जब तक कि नियमित यात्री सेवाएं शुरू नहीं हो जातीं.
DELHI METRO TO COMMENCE SERVICES AT 4 AM ON THE OCCASION OF INTERNATIONAL DAY OF YOGA ON 21ST JUNE 2025
Delhi Metro services will commence from 4 am from all originating stations on 21st June 2025 (Saturday) to facilitate the movement of yoga enthusiasts on the occasion of…
— Delhi Metro Rail Corporation (@OfficialDMRC) June 19, 2025
दिल्ली में 11 स्थानों पर योग कार्यक्रम
इस बार दिल्ली में 11 स्थानों पर योग आयोजन की योजना बनाई गई है. सबसे भव्य कार्यक्रम छत्रसाल स्टेडियम में होगा, जहां करीब 10,000 लोग एक साथ योग करेंगे. इसके अलावा, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता यमुना तट पर आयोजित एक विशेष योग सत्र में भाग लेंगी.
योग दिवस की थीम
इस वर्ष की थीम है — “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” (Yoga for One Earth, One Health). यह संदेश देता है कि मनुष्य की भलाई और पृथ्वी की सेहत आपस में गहराई से जुड़ी हुई हैं. पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2015 को मनाया गया था, जिसकी पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में की थी.
उस प्रस्ताव को 11 दिसंबर 2014 को मंजूरी मिली थी. तब से लेकर अब तक योग दिवस एक वैश्विक अभियान बन चुका है. इस बार, प्रधानमंत्री मोदी विशाखापट्टनम में योग कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को संबोधित करेंगे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

