Indo-Pak Border: राजस्थान के जैसलमेर जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास एक युवक और एक नाबालिग लड़की के शव मिलने से हड़कंप मच गया है.
दोनों की लाशें सीमा से करीब 10–12 किलोमीटर अंदर मिलीं, जो काफी समय से पड़ी हुई थीं. इन शवों के पास से एक पाकिस्तानी पहचान पत्र और सिम कार्ड भी बरामद हुए हैं, जिससे मामला और ज्यादा संदिग्ध हो गया है.
इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है और खुफिया एजेंसी जांच में जुट गए हैं.

पाकिस्तानी ID और सिम मिलने से शक गहराया
शवों की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि उनकी मौत करीब 5 से 7 दिन पहले हो चुकी थी. युवक की उम्र लगभग 18 साल और लड़की की उम्र करीब 15 साल बताई जा रही है.
शवों के पास से जो पाकिस्तानी दस्तावेज मिले हैं, उनकी जांच तेज़ी से की जा रही है. इससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि ये दोनों लोग सीमा पार से आए हो सकते हैं.
हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इनकी मौत किन हालात में हुई और ये भारत में कैसे दाखिल हुए.

पुलिस और बीएसएफ ने शुरू की गहन जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और बीएसएफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है और आसपास के इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.
पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि कहीं यह कोई साजिश तो नहीं, या फिर इनकी मौत किसी प्राकृतिक कारण से हुई. बीएसएफ ने सीमा चौकियों को अलर्ट कर दिया है और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है.
ये भी पढ़ें- राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर बहु-एजेंसी मॉक ड्रिल: आतंकी हमलों और रासायनिक आपात स्थितियों से निपटने की व्यापक तैयारी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


