उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल (फाइल)
गोरखपुर, 1 जुलाई. प्रदेश के पहले, महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय के लोकार्पण समारोह में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने किसानों का आह्वान किया कि वे ‘एक गांव-एक औषधीय पौधा’ अभियान की शुरुआत करें. आयुष विश्वविद्यालय के रूप में पूर्वांचल में आयुर्वेद का बड़ा सेंटर शुरू हो रहा है और इसके माध्यम से औषधीय खेती को भी बढ़ावा मिलेगा.
लोकार्पण समारोह की मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु का अभिवादन करते हुए राज्यपाल ने कहा कि आयुष विश्वविद्यालय के आसपास के गांवों के किसान औषधीय पौधो की खेती कर अधिक आर्थिक उपार्जन कर सकते हैं. इससे बिना हानि वाली दवाएं बनेंगी और जनता का आशीर्वाद भी प्राप्त होगा. उन्होंने सुझाव दिया कि एक गांव में एक तरह के औषधीय पौधे लगाए जाएं तो दूसरे गांव में दूसरे तरह के.
राज्यपाल ने कहा कि चिकित्सा की सारी पद्धतियों के होते हुए भी यह विचार करना जरूरी है कि क्या हम हर जगह पहुंच पाए हैं. उन्होंने अपील की कि आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिये होम्योपैथ और आयुर्वेद की हानिरहित दवाएं लोगों तक पहुंचाई जाए. इसमें डॉक्टरों, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों को भी बड़ी भूमिका निभानी होगी. राज्यपाल ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी जन आरोग्यता के लिए सदैव चिंता करते हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
