Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

पठानकोट में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, BSF की फायरिंग में एक घुसपैठिया ढेर; तरनतारन में भी हुई थी ऐसी घटना

Pathankot Infiltration: पंजाब के पठानकोट में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की कोशिश को BSF ने नाकाम कर दिया. फायरिंग में एक घुसपैठिए की मौत हो गई. इससे पहले तरनतारन में भी घुसपैठ की कोशिश के दौरान दो लोग मारे गए थे.

pathankot-bsf-infiltration-attempt-punjab-border

पठानकोट में घुसपैठ की कोशिश नाकाम

Pathankot Infiltration/RAVI SHARMA: पंजाब के पठानकोट में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की कोशिश को सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने नाकाम कर दिया. इस दौरान जवानों की फायरिंग में एक घुसपैठिए की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि वह अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय इलाके में दाखिल होने की कोशिश कर रहा था. सतर्क BSF जवानों ने उसे देख लिया और रुकने की चेतावनी दी. इसके बाद भी जब वह आगे बढ़ता रहा तो जवानों ने फायरिंग कर दी.

घटना के बाद इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है. सुरक्षा बल पूरे क्षेत्र की जांच कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि यह इलाका BSF के जम्मू फ्रंटियर के अधिकार क्षेत्र में आता है.

पहले भी हो चुकी हैं घुसपैठ की कोशिशें

पंजाब में सीमा पार से घुसपैठ की कोशिश का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले 2 अक्टूबर को तरनतारन सेक्टर में भी तीन लोगों ने पाकिस्तान की तरफ से भारतीय सीमा में दाखिल होने की कोशिश की थी. उस समय BSF के जवानों ने तीनों को रुकने की चेतावनी दी थी, लेकिन वे आगे बढ़ते रहे. इसके बाद जवानों की फायरिंग में दो लोग मारे गए, जबकि तीसरा वापस पाकिस्तान की तरफ भागने में कामयाब रहा.

Pathankot Infiltration
पठानकोट में BSF की गोलीबारी में मारे गए घुसपैठिये की तस्वीर (इमेज-Bharat Express)

राजोके बॉर्डर पोस्ट के पास हुई थी घटना

जांच अधिकारी अतुल सोनी के मुताबिक, यह घटना गुरुवार देर रात करीब 12:30 बजे राजोके बॉर्डर आउटपोस्ट के पास हुई थी. रात में BSF के जवानों ने पाकिस्तान के चट्टानवाला इलाके से तीन संदिग्ध लोगों को भारतीय सीमा की ओर आते देखा. जवानों ने उन्हें कई बार रुकने और वापस लौटने की चेतावनी दी, लेकिन वे नहीं रुके.

सुरक्षा को खतरा महसूस होने पर BSF के जवानों ने फायरिंग की. इसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा भागकर पाकिस्तान की तरफ चला गया. एक अधिकारी के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में दोनों मृतकों के पाकिस्तानी नागरिक होने की बात सामने आई थी.

सीमा पर बढ़ाई गई सतर्कता

तरनतारन की घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा पर निगरानी बढ़ा दी थी. रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले सात महीनों में तरनतारन में घुसपैठ की यह दूसरी घटना थी. घटना के बाद इलाके में तलाशी अभियान भी चलाया गया था.

ये भी पढ़ें- न किसी खेमे का दबाव, न किसी की शर्त… 2026 में मोदी की कूटनीति से दुनिया में मजबूत हुई भारत की पहचान

फिलहाल पठानकोट की ताजा घटना को लेकर सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हैं. अभी तक घुसपैठिए की पहचान और उसके पास से किसी हथियार या अन्य सामान की बरामदगी को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism