Shefali Jariwala Death: कांटा लगा’ गर्ल के नाम से मशहूर शेफाली जरीवाला अब इस दुनिया में नहीं रहीं. 42 साल की उम्र में अचानक दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया.
इस खबर ने सिर्फ मनोरंजन जगत को ही नहीं, बल्कि आम लोगों को भी हैरानी और गम में डाल दिया है. लोग अभी तक यकीन नहीं कर पा रहे कि जो चेहरा कल तक स्क्रीन पर मुस्कुराता नजर आता था, वो अब सदा के लिए खामोश हो गया है.
वहीं दूसरी ओर, कुछ मशहूर हस्तियों ने मीडिया के रवैये पर नाराजगी जताई है, खासकर शेफाली के अंतिम संस्कार के दौरान कैमरों की मौजूदगी को लेकर.
सोनाक्षी सिन्हा ने मीडिया को लताड़ा
शेफाली के अंतिम संस्कार की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे थे, जिन्हें देखकर सोनाक्षी सिन्हा काफी परेशान हो गईं.
एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया के जरिए अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि “सोशल मीडिया क्या बन गया है. पैप कल्चर क्या बन गया है! आप बिना क्लिक किए अंतिम संस्कार में भी नहीं जा सकते. मुझे ये बहुत अजीब लगता. एक लिमिट के बाद आपको इन चीजों को अनदेखा करना शुरू करना होगा और बस वैसे ही जीना होगा, जैसे आप जीना चाहते हैं. लेकिन इसकी आदत डालने में थोड़ा समय लगा.”
वरुण धवन ने भी उठाई आवाज
सिर्फ सोनाक्षी ही नहीं, बल्कि वरुण धवन ने भी मीडिया के रवैये पर सवाल उठाए. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी पोस्ट करते हुए कहा कि “एक बार फिर एक और निधन को मीडिया ने बेहद असंवेदनशील तरीके से कवर किया. मैं सच में नहीं समझ पा रहा हूं कि किसी के दुख को कवर करने की जरूरत क्यों है? हर कोई इस स्थिति में बहुत असहज महसूस कर रहा है. इससे किसी को क्या फायदा हो रहा है? और मेरा मीडिया में मौजूद दोस्तों से निवेदन है कि कोई भी नहीं चाहेगा कि उसकी अंतिम यात्रा इस तरह से कवर की जाए.”
ये सेलिब्रिटीज भी दिखे नाराज
शेफाली जरीवाला के साथ बिग बॉस 13 में नजर आ चुके पारस छाबड़ा का भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था. वीडियो में एक्टर पैपराजी पर गुस्सा करते दिख रहे थे कि वो जिस तरह से सब कुछ दिखा रहे हैं वो बिल्कुल ठीक नहीं है.
इतना ही नहीं बॉलीवुड के कई मशहूर और बड़े सेलिब्रिटीज ने भी Paparazzi कल्चर पर सवाल उठाए हैं और खासा नाराज दिख रहे हैं.
दिल का दौरा बना मौत की वजह
शेफाली की मौत के पीछे की वजह दिल का दौरा बताई जा रही है (Shefali Jariwala Death). बताया जा रहा है कि शेफाली कुछ समय से हेल्थ को लेकर परेशान थीं और एंटी-एजिंग दवाइयों का भी सेवन कर रही थीं, जिसका असर उनके दिल पर पड़ा हो सकता है.
ये भी पढ़ें- डर गए नसीरुद्दीन शाह? दिलजीत दोसांझ का सपोर्ट करने वाली पोस्ट हुई गायब, ट्रोलर्स ने जमकर लगाई लताड़
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

