Bharat Express DD Free Dish

मशहूर डायरेक्टर, प्रोड्यूसर धीरज कुमार का 79 साल की उम्र में निधन, इस बीमारी के कारण गई जान

Dheeraj Kumar Death: फिल्म इंडस्ट्री को बड़ा झटका, मशहूर डायरेक्टर और प्रोड्यूसर धीरज कुमार का 79 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है.

Dheeraj Kumar Death

Dheeraj Kumar Death: फिल्म इंडस्ट्री से एक बार फिर बेहद दुखद न्यूज आई है. मशहूर डायरेक्टर, प्रोड्यूसर धीरज कुमार (Dheeraj Kumar) का 79 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे. उनकी तबीयत बिगड़ने पर सोमवार को उन्हें अंधेरी के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया.

डॉक्टरों की जांच के बाद पता चला कि धीरज कुमार को निमोनिया हो गया था और उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी. उन्हें तुरंत आईसीयू में शिफ्ट कर वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया. 6 जुलाई को उनके परिवार ने उनकी गंभीर हालत को लेकर एक आधिकारिक बयान जारी किया था, जिसमें उनके स्वास्थ्य में सुधार के लिए दुआओं की अपील की गई थी. लेकिन इलाज के दौरान ही मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से उनकी मृत्यु हो गई.

हमारे बीच नहीं रहे डायरेक्टर धीरज कुमार

धीरज कुमार के परिवार ने एक शोक संदेश जारी कर कहा, “बहुत दुख के साथ हम आपको सूचित कर रहे हैं कि हमारे प्रिय धीरज कुमार अब हमारे बीच नहीं रहे. वह एक बेहतरीन अभिनेता, निर्माता और निर्देशक थे. उन्होंने अपनी कला से मनोरंजन की दुनिया में अमूल्य योगदान दिया. कोकिलाबेन अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था और वे वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे. इस कठिन घड़ी में हमारी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के साथ हैं. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे.”

टैलेंट शो से की थी करियर की शुरुआत

धीरज कुमार अपने समय के सबसे लोकप्रिय टीवी कलाकारों में गिने जाते थे. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक टैलेंट शो से की थी, जिसमें उनके साथ सुभाष घई और राजेश खन्ना भी थे. इसी शो में राजेश खन्ना विजेता बने थे. धीरज कुमार ने 1970 से 1984 के बीच कई पंजाबी फिल्मों में भी काम किया. हिंदी फिल्मों में उन्होंने हीरा पन्ना, रोटी कपड़ा और मकान, सरगम, क्रांति और रातों का राजा जैसी फिल्मों में एक्टिंग किया.

टीवी की दुनिया में भी उनका बड़ा योगदान रहा. ओम नमः शिवाय, अदालत, मिली, घर की लक्ष्मी बेटियां जैसे मशहूर धारावाहिकों के निर्माण में उनकी अहम भूमिका रही. उन्होंने क्रिएटिव आई नाम से अपनी प्रोडक्शन कंपनी भी शुरू की थी, जिसके वे चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर रहे.

ये भी पढ़ें: Rihanna Pregnancy: तीसरी बार मां बनने वाली हैं बारबेडियन सिंगर रिहाना, बोलीं- इस बार कर रही हूं बेबी गर्ल की उम्मीद

Also Follow Bharart Express on Instagram

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read