Bharat Express DD Free Dish

आजमगढ़ में लव मैरिज को लेकर खूनी संघर्ष, महिला के भाई की पीट-पीटकर हत्या, दंपती घायल थाने में शिकायत न सुनने का आरोप

आजमगढ़ के हरैया गांव में लव मैरिज के चलते बढ़े विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया. महिला, उसके पति और भाई पर हमला, भाई की मौत. पुलिस पर लापरवाही के आरोप जांच जारी.

UP Crime News
Edited by Akansha

रिपोर्टर शुभम सिंह/आजमगढ़

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में प्रेम विवाह के चलते उपजा विवाद खून-खराबे में बदल गया. जीयनपुर थाना क्षेत्र के हरैया गांव में कुछ लोगों ने एक महिला, उसके पति और भाई पर बर्बर हमला कर दिया. लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से किए गए इस हमले में महिला के भाई अजय कुमार (37) की मौत हो गई. वहीं, महिला और उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद आरोपी फरार हैं. पुलिस ने उनकी तलाश में दो टीमों का गठन किया है.

पुरानी रंजिश बनी खतरनाक

हरैया गांव की रहने वाली मंजू देवी ने बताया कि उन्होंने 2011 में संदीप नामक युवक से प्रेम विवाह किया था. इसके बाद से गांव के ही शैलेश नामक युवक को यह रिश्ता नागवार गुजरने लगा. मंजू के अनुसार शैलेश और उसका परिवार लगातार उन्हें और उनके परिवार को परेशान करता आ रहा था.

थाने से मिला ताना

रविवार को शैलेश और उसके परिजनों ने मंजू के परिवार भाभी, बच्चों, सास निर्मला देवी और भाई राजू से मारपीट की. पीड़ित परिवार जब शिकायत लेकर थाने पहुंचा तो दरोगा ने न सिर्फ उन्हें डांटकर भगा दिया, बल्कि अजय कुमार पर ही शांतिभंग की कार्रवाई कर दी. सोमवार को जमानत पर रिहा होकर अजय जैसे ही घर लौटा, शाम को फिर से हमला हुआ.

हमले में अजय की मौत आरोपी फरार

शैलेश, करण और देवाशीष ने मिलकर अजय पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला किया. अजय को बचाने में मंजू और उसका पति भी घायल हो गए. इलाज के दौरान अजय की मौत हो गई.

पुलिस पर लापरवाही का आरोप

मंजू और उसके भाई राजू ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई कदम नहीं उठाया. उल्टा अजय के खिलाफ ही कार्रवाई कर दी गई. इससे आरोपियों के हौसले और बढ़ गए. राजू ने बताया कि अजय बिहार में नौकरी करता था और परिवार के साथ हुई मारपीट के बाद गांव आया था.

पुलिस ने कहा पुराना विवाद था

थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने पीड़ितों के आरोपों को खारिज किया है. उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद होते रहे हैं. फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है. लव मैरिज के कारण उपजे विवाद ने एक निर्दोष की जान ले ली. मामले ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना होगा कि कानून के हाथ दोषियों तक कब पहुंचते हैं.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read