Bharat Express DD Free Dish

PCB का बड़ा कदम, WCL में भारत के सेमीफाइनल से हटने पर तिलमिलाया पाकिस्तान, लिया यह चौंकाने वाला फैसला

WCL 2025: राजनीतिक हस्तक्षेप और टूर्नामेंट में पक्षपातपूर्ण रवैये से नाराज PCB ने वर्ल्ड चैम्पियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) से हटने का ऐलान किया है. PCB ने टूर्नामेंट को खेल की निष्पक्षता के खिलाफ बताया.

WCL 2025

WCL 2025:पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अब आधिकारिक रूप से वर्ल्ड चैम्पियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) के सभी आगामी सीजनों से हटने का फैसला कर लिया है. बोर्ड का कहना है कि टूर्नामेंट में राजनीतिक दखल, पक्षपातपूर्ण रवैया और अस्थिर नियमों के चलते यह कदम उठाया गया है.

WCL टूर्नामेंट में निष्पक्षता की रही भारी कमी

यह निर्णय पीसीबी के चेयरमैन मोशिन नकवी की अध्यक्षता में हुई गवर्नर्स बोर्ड मीटिंग में लिया गया. बैठक में यह चिंता जताई गई कि हाल ही में समाप्त हुए WCL टूर्नामेंट में निष्पक्षता की भारी कमी रही. इस बैठक में सुमैर अहमद सैयद, सलमान नसीर, जहीर अब्बास, जाहिद अख्तर जमान, सज्जाद अली खोखर, जफरुल्लाह जदगल, तनवीर अहमद, तारिक सरवर, मुहम्मद इस्माइल कुरेशी, अनवर अहमद खान, अदनान मलिक, उस्मान वहला (विशेष आमंत्रित) और मीर हसन नकवी (अतिरिक्त सचिव) ने हिस्सा लिया.

फॉरफिट के बावजूद अंक मिलना बना विवाद की जड़

पीसीबी ने एक मैच को जानबूझकर फॉरफिट करने वाली टीम को अंक देने के फैसले को बेहद विवादास्पद और खेल भावना के खिलाफ बताया. बोर्ड का मानना है कि इस तरह के फैसले टूर्नामेंट की साख को नुकसान पहुंचाते हैं.

भारत-पाक मैच रद्द होने पर जारी प्रेस विज्ञप्ति पर आपत्ति

पीसीबी ने टूर्नामेंट अधिकारियों की उस प्रेस रिलीज की भी कड़ी आलोचना की, जो भारत-पाकिस्तान लीजेंड्स मैच रद्द होने के बाद जारी की गई थी. बोर्ड ने इसे पक्षपातपूर्ण और राजनीतिक रंग में रंगा हुआ बताया. उनके अनुसार, यह बयान टूर्नामेंट की उद्देश्यवत्ता को प्रभावित करता है.

ये भी पढ़ें: ओवल में फिर चला Mohammed Siraj का जादू, इंग्लैंड के खिलाफ रचा नया इतिहास, रिकॉर्ड बुक में दर्ज कराया नाम

राजनीतिक दबाव में नजर आई टूर्नामेंट की व्यवस्था

पीसीबी ने कहा कि टूर्नामेंट के कई फैसले ऐसे लगे मानो वे अदृश्य दबावों के तहत लिए गए हों. बाद में जारी माफीनामा भी किसी खास राष्ट्रवाद से प्रेरित लगा. बोर्ड का कहना है कि ऐसे माहौल में टूर्नामेंट में भाग लेना संभव नहीं है.

BCCI  की ओर से नहीं दी गई कोई आधिकारिक सूचना

निशांत पिट्टी ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि भारतीय खिलाड़ी इसमें हिस्सा लेंगे, और खासकर तब जब भारतीय ब्रांड पाकिस्तान से जुड़े किसी भी मैच को प्रायोजित कर रहे हों. जब राष्ट्रीय भावना स्पष्ट हो, तो व्यावसायिक हितों और खेल के अवसरों को पीछे रखना चाहिए. हमने #WCL2025 में इससे पीछे हटकर दृढ़ता दिखाई, और यह फैसला आज भी किसी भी स्कोरबोर्ड से ज़्यादा ज़ोरदार है. इसके अलावा, @BCCI  की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है.

खेल को राजनीति से दूर रखने का पीसीबी का संकल्प

बोर्ड ने दोहराया कि खेल को राजनीतिक एजेंडों से मुक्त रहना चाहिए. उन्होंने क्रिकेट की गरिमा और निष्पक्षता को बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता जताई और स्पष्ट किया कि पाकिस्तान अब किसी भी ऐसे टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेगा, जहां पक्षपात या राजनीतिक हस्तक्षेप हो. यह फैसला ऐसे समय में आया है जब दुनिया भर में खेल और राजनीति के टकराव पर बहस तेज हो रही है, खासकर बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के संदर्भ में.

Follow Bharat Express on Instagram 

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read