Urdu Conclave 2026

चोट से उबरते ही नेट्स में लौटे Surya Kumar Yadav, एशिया कप से पहले वापसी को लेकर दिखे आश्वस्त

चोट के बाद सूर्यकुमार यादव ने नेट्स में वापसी की है और एशिया कप 2025 से पहले खुद को फिट करने की पूरी कोशिश में जुटे हैं. बांग्लादेश सीरीज स्थगित होने के बाद अब उनकी नजरें सीधे UAE में होने वाले एशिया कप पर टिकी हैं.

Surya Kumar Yadav: चोट से उबरते ही नेट्स में लौटे Surya Kumar Yadav, एशिया कप से पहले वापसी को लेकर दिखे आश्वस्त - भारत एक्सप्रेस

टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज और टी20 कप्तान Surya Kumar Yadav ने एक बार फिर मैदान पर वापसी की है. जर्मनी में स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी के बाद उन्होंने बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में पहली बार नेट्स में अभ्यास किया.

यह बल्लेबाजी सेशन उनके रिहैब का अहम हिस्सा था और इससे क्रिकेट प्रेमियों को राहत की सांस मिली है, जो सूर्यकुमार की वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे.

मेडिकल स्टाफ की निगरानी में सूर्यकुमार, वर्कलोड बढ़ाने की तैयारी

Surya kumar Yadav अभी पूरी तरह से फिट नहीं हैं, लेकिन उनकी रिकवरी प्लान के मुताबिक, अगले कुछ हफ्तों में उनका वर्कलोड धीरे-धीरे बढ़ाया जाएगा.

BCCI के मेडिकल स्टाफ की निगरानी में वे फिलहाल बल्लेबाजी और हल्का अभ्यास कर रहे हैं. अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो वे 9 सितंबर से यूएई में शुरू होने वाले एशिया कप 2025 के लिए पूरी तरह फिट और तैयार होंगे.

बांग्लादेश सीरीज स्थगित, अब एशिया कप पर नजरें

रिपोर्ट के मुताबिक, सूर्यकुमार की वापसी की योजना अगस्त के अंत में बांग्लादेश दौरे के टी20 इंटरनेशनल मैचों के लिए बनाई गई थी, लेकिन यह सीरीज अब 2026 तक स्थगित कर दी गई है.

ऐसे में अब पूरा फोकस एशिया कप पर है, जो भारत के लिए आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों का पहला बड़ा पड़ाव भी होगा.

अभ्यास मैच और सिमुलेशन सेशन से मिलेगी लय

सूत्रों के मुताबिक, टीम इंडिया सितंबर के पहले हफ्ते में यूएई रवाना होगी, लेकिन पश्चिम क्षेत्र की टीम को एशिया कप से पहले सेमीफाइनल तक कोई मैच नहीं खेलना है.

इस खाली समय का फायदा उठाते हुए सूर्यकुमार कुछ अभ्यास मैच और सिमुलेशन सेशन में हिस्सा लेंगे, जिससे उन्हें टूर्नामेंट से पहले जरूरी मैच प्रैक्टिस मिल सके.

ये भी पढ़ें- आर्थिक तंगी का सामना कर रही थी होनहार छात्रा, ऋषभ पंत ने भर दी कॉलेज की फीस

आईपीएल और मुंबई टी20 लीग में दिया था आखिरी जलवा

गौरतलब है कि सूर्यकुमार यादव को अंतिम बार आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए खेलते देखा गया था, जहां उनकी टीम क्वालीफायर 2 में पंजाब किंग्स से हार गई थी.

इसके बाद उन्होंने जून में मुंबई टी20 लीग में ट्रायम्फ नाइट्स मुंबई नॉर्थ ईस्ट के लिए चार पारियों में 122 रन बनाए थे.

कप्तानी में अगली चुनौती

अगर सब कुछ ठीक रहता है, तो एशिया कप सूर्यकुमार यादव के लिए टी20 कप्तान के तौर पर पहला मल्टी नेशनल टूर्नामेंट होगा. उन्होंने 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत के बाद रोहित शर्मा से टी20 की कमान संभाली थी.

ऐसे में उनकी फिटनेस और फॉर्म भारत के आगामी अभियान के लिए बेहद अहम मानी जा रही है.

रिपोर्ट के अनुसार, Surya kumar Yadav को हर्निया सर्जरी के चलते पश्चिम क्षेत्र की दलीप ट्रॉफी टीम से बाहर रखा गया है.

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अधिकारियों का कहना है कि सूर्यकुमार को एशिया कप से पहले फिट होने का पूरा भरोसा है.

Also Follow Bharat Express on X

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read