Bharat Express DD Free Dish

संसद में चमक रही एक और फिल्म स्टार, पढ़ें Saayoni Ghosh की सियासी कहानी, तस्वीरों से जानें एक्टिंग से संसद तक जाने की कहानी

बंगाली फिल्मों से पहचान बनाने वाली सायोनी घोष अब जादवपुर से सांसद हैं. TMC की नेता सायोनी ने अपने बेबाक बयानों और जनसंपर्क के दम पर राजनीति में शानदार एंट्री की है. जानिए कैसे एक अभिनेत्री बनी जनता की नेता.

saayoni ghosh TMC MP

Saayoni Ghosh: भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की कई अभिनेत्रियां फिल्मों की दुनिया छोड़कर राजनीति में कदम रखती हैं. इनमें से कुछ नाम समय के साथ खो जाते हैं, तो कुछ सितारे राजनीति में भी अपनी चमक छोड़ जाते हैं. ऐसी ही एक एक्ट्रेस हैं सायोनी घोष, जो अब जादवपुर से लोकसभा सांसद हैं और संसद में अपने बेबाक अंदाज़ और दमदार भाषणों से खूब सुर्खियां बटोर रही हैं. हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर पर उनके रुख ने उन्हें फिर से राष्ट्रीय चर्चा में ला खड़ा किया है.

सायोनी घोष ने अपना करियर छोटे-छोटे किरदारों से शुरू किया था. बंगाली और भोजपुरी फिल्मों में उन्होंने कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं. म्यूजिक की दुनिया में भी उन्होंने अपनी पहचान बनाई और टीवी पर भी काफी एक्टिव रहीं. साल 2010 में कॉमेडी फिल्म ‘नोटोबोर नॉटआउट’ से उन्होंने बड़े पर्दे पर कदम रखा था.

सायोनी को पहचान साल 2015 की फिल्म एकला चलो से मिली, जिसमें वो एक सिंगल मदर रिया के किरदार में नज़र आईं. इसके बाद वो बिटनून में रूशा, द्विखंडदितो में एक मानसिक रोग विशेषज्ञ जैसे विविध किरदारों में नज़र आईं. उनकी प्रमुख फिल्मों में शोट्रू, कनामाची, अंतराल, आगुन, मायेर बिये, राजकहिनी आदि शामिल हैं, जिनमें उन्होंने अलग-अलग जॉनर में खुद को साबित किया.

24 फरवरी 2021 को सायोनी घोष ने ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) जॉइन की और उसी साल उन्हें आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का मौका मिला. हालांकि वो चुनाव हार गईं, लेकिन जून 2021 में उन्हें TMC युवा मोर्चा की राज्य अध्यक्ष बना दिया गया. इससे पहले यह जिम्मेदारी अभिषेक बनर्जी के पास थी.

मार्च 2024 में TMC ने सायोनी को जादवपुर लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया. यह वही सीट है, जहां से ममता बनर्जी ने 1984 में चुनाव जीता था. इससे पहले यहां से 2019 में एक और एक्ट्रेस मिमी चक्रवर्ती सांसद थीं, जिन्होंने चुनाव से पहले इस्तीफा दे दिया था. ममता बनर्जी को इस बार एक ज़मीनी और प्रभावी नेता की ज़रूरत थी और उन्होंने सायोनी को चुना.

चुनाव प्रचार के दौरान सायोनी ने बड़े मंचों की बजाय डोर टू डोर कैंपेन को तरजीह दी. उन्होंने करीब 5 लाख मतदाताओं से व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया और खुद को जादवपुर की बेटी के रूप में प्रस्तुत किया. उनका कहना था, “मैं यहीं पली-बढ़ी हूं, यहीं पढ़ी हूं और अब यहीं की सेवा करना चाहती हूं.”

1 जून 2024 को हुए चुनाव के नतीजे 4 जून को घोषित किए गए. सायोनी ने 717899 वोट हासिल कर बीजेपी के डॉ. अनिरबान गांगुली को 2.5 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया. इस सीट से CPI(M) के श्रीजान भट्टाचार्य तीसरे स्थान पर रहे. इस जीत के साथ सायोनी ने जादवपुर में TMC की लगातार जीत की परंपरा को जारी रखा.

ये भी पढ़ें- वृंदावन का अद्भुत मंदिर जो हर 30 सेकेंड में बदलता है रंग, कई हजार टन संगमरमर से बनी है भक्ति और शिल्प से भरी ये जगह

Follow Bharat Express on Instagram 

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read