Bharat Express DD Free Dish

मुंबई और दिल्ली को पछाड़ अहमदाबाद बना देश का सबसे सुरक्षित शहर

न्यूमबियो की 2025 अपराध और सुरक्षा सूचकांक रिपोर्ट में अहमदाबाद को भारत का सबसे सुरक्षित शहर घोषित किया गया है. मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों को पीछे छोड़ते हुए अहमदाबाद ने यह खिताब पाया है.

अहमदाबाद भारत का सबसे सुरक्षित शहर बन गया है. सबसे सुरक्षित शहरों की रैंकिंग में अहमदाबाद ने मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे प्रमुख महानगरों को पीछे छोड़ दिया है. दुनिया भर के शहरों की रैंकिंग करने वाली न्यूमबियो ने 2025 के अपराध और सुरक्षा सूचकांक रिपोर्ट में अहमदाबाद शहर को भारत में सबसे सुरक्षित शहर का दर्जा दिया है.

जयपुर को मिला 95वां स्थान

अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर ज्ञानेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि हाल ही में, दुनिया भर के शहरों की रैंकिंग करने वाली न्यूमबियो नामक एक यूरोपीय संस्था ने आंकड़े जारी किए हैं, जिनमें अबू धाबी को दुनिया का सबसे सुरक्षित शहर, दोहा को दूसरे नंबर पर, अहमदाबाद को दुनिया में 77वें नंबर पर और जयपुर को 95वें नंबर पर बताया गया है.

अहमदाबाद को भारत में एक सुरक्षित शहर माना जाता है, और जयपुर देश में दूसरे स्थान पर है. ज्ञानेंद्र सिंह मलिक कहते हैं कि हमने स्थानांतरण नीति लागू की और 6,500 से ज्‍यादा पुलिस अधिकारियों का तबादला किया. नतीजतन, आज, पिछले दो सालों में ही पुलिस थानों में 80 प्रतिशत ज्‍यादा पुलिस कर्मचारियों की नियुक्ति हुई है. हमने पुलिस की पहुंच बढ़ाने को उच्च प्राथमिकता दी है. पहले इसके लिए कोई खास समय तय नहीं था, लेकिन अब हमने पुलिस की पहुंच बढ़ाने के लिए निश्चित समय तय कर दिया है.

CCTV कैमरों ने बढ़ाई सुरक्षा

सिटी पुलिस आयुक्त ने कहा कि 25 हजार से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के साथ नागरिक केंद्रित पुलिसिंग की बदौलत यह मुकाम हासिल हुआ. इनमें गुजरात लोक सुरक्षा अधिनियम के तहत नागरिकों ने स्वयं इनमें से 22 हजार कैमरे लगाए हैं. शेष कैमरे गृह विभाग, अहमदाबाद नगर निगम और निर्भया पहल के माध्यम से लगाए गए थे.

अहमदाबाद नगर पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों तथा अहमदाबाद शहर के नागरिकों के सहयोग के साथ-साथ मुख्यमंत्री, गृह राज्य मंत्री और गुजरात के पुलिस महानिदेशक के नेतृत्व और मार्गदर्शन से अहमदाबाद पुलिस आयुक्त की टीम को यह सफलता मिली है.

ये भी पढ़े: INDIA में अब 6,115 रेलवे स्टेशनों पर मिल रही मुफ्त Wi-Fi सेवा, रेल मंत्री बोले- अपने मोबाइल पर HD वीडियो भी देख सकते हैं यात्री

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read