Bharat Express DD Free Dish

गिरिराज को मिला काम का इनाम, आखिर सिंधिया ने क्यों गिफ्ट कर दिया ट्रैक्टर?

Madhya Pradesh News: कहते हैं न काम करोगे तो इनाम जरूर मिलेगा. कुछ ऐसा ही हुआ है मध्य प्रदेश के शिवपुरी में जहां युवक गिर्राज को केंद्रीय मंत्री ज्योतीरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) ने ट्रैक्टर गिफ्ट किया है. आइये जानें गिर्राज ने आखिर ऐसा क्या किया था?

Jyotiraditya Scindia Gifts Tractor

सिंधिया ने युवक को गिफ्ट किया ट्रैक्टर

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के गुना संसदीय क्षेत्र के शिवपुरी जिले सहित अन्य हिस्सों में बाढ़ ने जमकर तबाही मचाई थी. इस दौरान कोलारस विधानसभा के गिरिराज ने अपने ट्रैक्टर के जरिए अनेक लोगों को सुरक्षित निकाला था. क्षेत्रीय सांसद और केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia Gifts Tractor) ने गिरिराज को ट्रैक्टर देने का वादा किया था, जिसे उन्होंने आज पूरा किया. खास बात ये है कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया खुद ट्रैक्टर ट्रॉली चलाकर पहुंचे और उन्होंने आपदा में नायक साबित हुए गिरिराज को ट्रैक्टर गिफ्ट में दिया.

सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फोटो शेयर करते हुए लिखा, ”अपनों के लिए हर पल समर्पित आपदा की घड़ी में साहस का जीवंत उदाहरण है मेरे शिवपुरी के लिलवारा गांव का यह मेरा नौजवान बेटा गिरिराज. बाढ़ के बीच अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की मदद करने वाले इस जांबाज बेटे के लिए दुनिया की हर भेंट छोटी है. लेकिन उसके पराक्रम और हुए नुकसान की भरपाई के लिए सम्मान स्वरूप उसे वादे अनुसार 12 घंटों के भीतर ट्रैक्टर भेंट किया. गिरिराज जैसे निस्वार्थ कर्मवीर ही मेरे जनसेवा पथ के प्रेरणास्रोत हैं.”

क्या काम किया था गिरिराज ने?

दरअसल, पिछले दिनों तेज बारिश के साथ बाढ़ आई थी. तब गिरिराज ने पूरी रात बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों से प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया था. इस दौरान उसने न तो अपनी जान की परवाह की और न ही अपने ट्रैक्टर की चिंता. लगातार सेवा करते हुए उसका ट्रैक्टर गहराई में फंसकर बंद हो गया और उसका इंजन भी नष्ट हो गया.

जायजा लेने पहुंचे थे Jyotiraditya Scindia

केंद्रीय मंत्री सिंधिया गुरुवार को अपने संसदीय क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों में चल रहे राहत एवं पुनर्वास कार्यों का जायजा लेने पहुंचे थे. लिलवारा गांव में उन्होंने आपदा पीड़ितों से संवाद किया, जहां उन्हें ज्ञात हुआ कि गांव के युवा गिरिराज ने अपने ट्रैक्टर की मदद से कई ग्रामीणों की जान बचाई थी. इस साहसिक कार्य की सराहना करते हुए सिंधिया ने उसी समय गिरिराज को नया ट्रैक्टर देने का वादा किया था, जिसे उन्होंने मात्र 12 घंटे के समय में व्यक्तिगत रूप से पहुंचकर पूरा कर दिखाया है.

ये भी पढ़ें: उपराष्ट्रपति चुनाव में बीजेपी का महाराष्ट्र अस्मिता वाला दांव, शरद पवार और उद्धव ठाकरे ने किया रिजेक्ट

गिरिराज की दिलेरी और त्याग से प्रभावित होकर केंद्रीय मंत्री ने गुरुवार को ही लिलवारा गांव में मंच से उसे सम्मानित करते हुए गिरिराज की मां की ओर इशारा कर कहा था कि ‘अब यह सिर्फ आपका बेटा नहीं, बल्कि मेरा बेटा भी है. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि गिरिराज जैसे युवाओं का साहस और सेवा-भाव पूरे समाज के लिए प्रेरणा है. यह सिर्फ अपने गांव का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव है.

हर संभव मदद का भरोसा

सिंधिया अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचे. उन्होंने कहा जहां भी ग्रामीण क्षेत्र बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, मैं हर जगह का दौरा कर रहा हूं. भाजपा के शासन में, कठिन समय में प्रत्येक व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का हर संभव प्रयास किया गया है. एनडीआरएफ और सेना की टीमों से लेकर हेलीकॉप्टर तक, सब कुछ तैनात किया गया है. राहत कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है. मैंने मुख्यमंत्री के साथ क्षेत्र में एक दिन भी बिताया था… सभी कार्य प्रगति पर हैं, और चाहे मैं दिल्ली में रहूं या ग्वालियर में, मैं लगातार स्थिति पर नजर रख रहा हूं.

नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read