Asia Cup 2025 ind pak ticket unsold: भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच हो और टिकटों के लिए लंबी कतारें न लगें, यह सुनने में ही अजीब लगता है. दशकों से दोनों टीमों का मुकाबला क्रिकेट का सबसे बड़ा तमाशा माना जाता रहा है. लेकिन इस बार तस्वीर बिल्कुल उलटी है.
दुबई में 14 सितंबर को होने वाले एशिया कप के इंडिया-पाकिस्तान मैच से सिर्फ दो दिन पहले तक करीब 50 फीसदी टिकट बिके ही नहीं हैं. यह क्रिकेट इतिहास का शायद पहला मौका है जब इस हाई-वोल्टेज भिड़ंत को देखने का क्रेज फीका पड़ा है.
टिकटों की मारामारी कहां गायब हुई?
रिपोर्ट के मुताबिक, दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मैच की टिकटों का आधा हिस्सा अब भी अनसोल्ड है. जबकि आमतौर पर ऐसा होता था कि जैसे ही टिकट खिड़की खुलती, मिनटों में सारे टिकट बिक जाते. यहां तक कि ब्लैक में भी टिकट लाखों में बिकते थे. लेकिन इस बार ना तो स्टेडियम के बाहर भीड़ है, ना ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर हड़बड़ी.
बॉयकॉट की मुहिम
इस बदलाव के पीछे सबसे बड़ा कारण भारतीय फैंस का गुस्सा माना जा रहा है. दरअसल, साल की शुरुआत में पहलगाम में पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने 26 मासूमों की जान ले ली थी. इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच हालात युद्ध जैसे बन गए थे. ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना ने पाकिस्तान को भारी नुकसान भी पहुंचाया. हालांकि सरकार ने आधिकारिक तौर पर युद्ध की घोषणा नहीं की, लेकिन दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर था.
इसी पृष्ठभूमि में भारतीय फैंस को उम्मीद थी कि बीसीसीआई पाकिस्तान से मुकाबले से इंकार करेगा. लेकिन जब एशिया कप में मैच तय हुआ, तो कई फैंस ने सोशल मीडिया पर इसका बहिष्कार शुरू कर दिया. अब वही नाराजगी टिकट बिक्री पर दिख रही है.
ये भी पढ़ें- Asia Cup 2025: क्या भारत-पाक मैच को “Silent Boycott” कर रहा है BCCI? अब तक कोई अधिकारी नहीं पहुंचा दुबई
पाकिस्तान की टीम का कमजोर प्रदर्शन
दूसरा बड़ा कारण पाकिस्तान टीम का कमजोर प्रदर्शन है. क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना है कि पाकिस्तान अब उस स्तर पर नहीं है, जहां वह भारत को टक्कर दे सके. पिछले पांच व्हाइट-बॉल मुकाबलों में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में हराया है. यही वजह है कि अब इन मैचों में वो रोमांच नहीं बचा, जिसके लिए फैंस पागल हुआ करते थे.
पाकिस्तान के अपने फैंस भी इस गिरते प्रदर्शन से नाराज हैं. हर हार के बाद सोशल मीडिया पर उनके गुस्से और निराशा की बाढ़ आ जाती है.
मैच का क्रेज हुआ ठंडा
कभी इंडिया-पाकिस्तान मैच को लेकर होने वाली टिकटों की मारामारी अब गायब हो चुकी है. भारतीय फैंस की नाराजगी और पाकिस्तान टीम की गिरती साख ने इस मुकाबले का आकर्षण कम कर दिया है. अब देखना यह होगा कि 14 सितंबर को दुबई स्टेडियम की आधी खाली सीटें इस बदलते क्रिकेट समीकरण की गवाही देती हैं या आखिरी समय पर फैंस का उत्साह लौट आता है.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




