एशिया कप 2025 का सबसे हाईवोल्टेज मुकाबला आज (14 सितंबर) दुबई में भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा. यह भिड़ंत खास इसलिए भी है क्योंकि पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद हुए ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने हैं. क्रिकेट फैन्स के बीच इस मैच को लेकर जबरदस्त उत्साह है और टिकट से लेकर टीवी रेटिंग तक में रिकॉर्ड बनने के आसार हैं.
भारत का पलड़ा भारी
भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक टी20 प्रारूप में 13 मुकाबले हुए हैं. इनमें से 9 बार भारतीय टीम ने जीत दर्ज की, जबकि पाकिस्तान सिर्फ 3 मैच ही जीत सका हैं. 2007 में डरबन में खेला गया पहला टी20 मुकाबला टाई रहा था, जिसे भारत ने बॉल आउट में जीत लिया था.
भारत बनाम पाकिस्तान (टी20): कुल मैच 13, भारत जीता 9, पाकिस्तान जीता 3, टाई 1
एशिया कप (टी20): 3 मैच – भारत 2, पाकिस्तान 1
दुबई में आमने-सामने: 3 मैच – पाकिस्तान 2, भारत 1
टीम इंडिया की ‘ओल्ड ट्रिक’ रणनीति
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और हेड कोच गौतम गंभीर इस मैच में किसी बड़े बदलाव के मूड में नहीं दिख रहे हैं. माना जा रहा है कि 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ उतरी टीम ही पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरेगी. यह रणनीति दरअसल रोहित शर्मा युग से चली आ रही है, जब बड़े टूर्नामेंट में प्लेइंग इलेवन में बदलाव बहुत मुश्किल से होता था. 2023 वर्ल्ड कप हो या 2024 टी20 वर्ल्ड कप, भारतीय टीम ने इसी रणनीति के तहत न्यूनतम बदलाव किए थे. यही वजह है कि पाकिस्तान के खिलाफ भी वही कॉम्बिनेशन बरकरार रहने की संभावना है.
संजू सैमसन पर रहेगी नजर
टीम इंडिया की बैटिंग लाइनअप में सबसे बड़ी चर्चा विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन की पोजिशन को लेकर है. सैमसन ने ओपनिंग पर बेहतरीन प्रदर्शन किया है, लेकिन इस बार उन्हें नंबर 3 या नंबर 5 पर उतारने पर मंथन चल रहा है. बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने भी संकेत दिया हैं कि सैमसन टीम जरूरत के हिसाब से खेलने के लिए तैयार हैं.
पाकिस्तान की चिंताएं
पाकिस्तान ने ओमान के खिलाफ अपने पहले मैच में जीत दर्ज की, लेकिन कप्तान सलमान अली आगा अपनी टीम के बल्लेबाजों से नाखुश नजर आए. उन्होंने साफ कहा कि बल्लेबाजी में सुधार की जरूरत है. पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव की उम्मीद है. स्पेशलिस्ट पेसर हारिस रऊफ या सलमान मिर्जा में से किसी एक को जगह मिल सकती है, जबकि हसन नवाज या फहीम अशरफ को बाहर बैठना पड़ सकता है.
संभावित प्लेइंग XI
भारत: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती
पाकिस्तान: सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), फखर जमां, सलमान अली आगा (कप्तान), हसन नवाज, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन आफरीदी, सुफियान मुकीम, अबरार अहमद
ये भी पढ़े: IND vs PAK, Asia Cup 2025 Live: दुबई स्टेडियम में भिड़े भारत-पाकिस्तान, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पहला मैच
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

