Bharat Express DD Free Dish

अमित शाह ने हजारीबाग में नक्सलियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को सराहा, कहा- पूरे देश से खत्म होगा नक्सलवाद

झारखंड के हजारीबाग में सीआरपीएफ कोबरा बटालियन और राज्य पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. संयुक्त अभियान में 1 करोड़ के इनामी नक्सली कमांडर सहदेव सोरेन उर्फ परवेश समेत तीन नक्सलियों को मार गिराया गया.

amit shah

झारखंड के हजारीबाग जिले में सोमवार सुबह सुरक्षा बलों को नक्सलवाद के खिलाफ एक और बड़ी सफलता मिली है. सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन और राज्य पुलिस की संयुक्त टीम ने एक संयुक्त अभियान चलाकर कुख्यात नक्सली कमांडर सहदेव सोरेन उर्फ परवेश समेत कुल तीन नक्सलियों को मार गिराया. सहदेव पर 1 करोड़ रुपए का इनाम घोषित था. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस कार्रवाई को एंटी नक्सल ऑपरेशन में बड़ी सफलता करार दिया. अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “आज झारखंड के हजारीबाग में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन और राज्य पुलिस की जॉइंट टीम को एंटी नक्सल ऑपरेशन में बड़ी कामयाबी मिली है. इस अभियान में 1 करोड़ रुपए का इनामी, कुख्यात नक्सली कमांडर सीसीएम सहदेव सोरेन उर्फ परवेश को ढ़ेर कर दिया गया है. साथ ही, दो अन्य इनामी नक्सलियों- रघुनाथ हेम्ब्रम उर्फ चंचल और बिरसेन गांझू उर्फ रामखेलावन को भी सुरक्षा बलों ने मार गिराया.”

घटनास्थल से 3 एके-47 राइफल बरामद

शाह ने आगे कहा कि इस ऑपरेशन के बाद उत्तरी झारखंड के बोकारो क्षेत्र से नक्सलवाद पूरी तरह से समाप्त हो गया है. जल्द ही पूरा देश नक्सलवाद की समस्या से मुक्त होगा. बता दें कि संयुक्त ऑपरेशन में सोमवार सुबह मारे गए नक्सली सहदेव सोरन उर्फ परवेश पर 1 करोड़ रुपए का इनाम घोषित था. वहीं, दो अन्य नक्सलियों में 25 लाख रुपए का इनामी और भाकपा माओवादी संगठन की झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी का सदस्य रघुनाथ हेम्ब्रम और 10 लाख रुपए का इनामी वीर सेन गंझू शामिल हैं. घटनास्थल से तीन एके-47 राइफल भी बरामद की गई.

झारखंड को नक्सल मुक्त बनाने का लक्ष्य

नक्सलियों के खिलाफ अभियान में दो दिन के भीतर झारखंड पुलिस की यह दूसरी बड़ी सफलता है. इसके पहले रविवार को पलामू के मनातू जंगल में सुरक्षाबलों और प्रतिबंधित संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) के बीच मुठभेड़ में 5 लाख रुपए के इनामी नक्सली मुखदेव यादव को मारा गिराया गया था. वहीं, 7 सितंबर को पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बुर्जुवा पहाड़ी पर पुलिस ने 10 लाख के इनामी नक्सली अमित हांसदा उर्फ अपटन को ढेर किया था. बोकारो जिले का रहने वाला अमित 96 नक्सली वारदातों में वांटेड था. झारखंड पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में औसतन हर महीने तीन नक्सली मुठभेड़ों में मारे जा रहे हैं. फिलहाल राज्य में 100 से 150 माओवादी सक्रिय हैं. 58 नक्सली इनामी सूची में हैं, जिन पर कुल 5 करोड़ 46 लाख रुपए का इनाम घोषित है.

पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में भाकपा माओवादी के 13 बड़े नक्सली हैं. झारखंड पुलिस और केंद्रीय बल मार्च 2026 तक राज्य को नक्सल मुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत अभियान चला रहे हैं. इस अभियान के तहत जनवरी से अब तक 28 नक्सली मारे जा चुके हैं.

ये भी पढ़ें: Bihar News: बिहार को मिला नया एयरपोर्ट, पीएम मोदी ने पूर्णिया एयरपोर्ट का किया उद्घाटन

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read