Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली-NCR में पुलिस का सबसे बड़ा अभियान, 820 जवानों ने चलाया ऑपरेशन, 6 गैंगस्टर गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में अब तक का सबसे बड़ा अभियान चलाया. 58 ठिकानों पर छापेमारी कर 36 संदिग्ध पकड़े और 6 गैंगस्टर गिरफ्तार किए.भारी मात्रा में कैश, सोना, हथियार और बुलेटप्रूफ गाड़ी बरामद की गई.

Delhi Police

Delhi Police: दिल्ली पुलिस ने बीती रात राजधानी और आसपास के इलाकों में संगठित अपराध के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन चलाया. आउटर नॉर्थ और रोहिणी जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से 58 ठिकानों पर छापेमारी की. इस दौरान नीरज बवाना के पिता प्रेम सिंह सहरावत को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया. पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का मकसद गैंगस्टरों की ताकत कमजोर करना और अपराध के नेटवर्क को ध्वस्त करना है.

820 पुलिसकर्मी हुए शामिल

इस बड़े ऑपरेशन में कुल 820 पुलिसकर्मी उतारे गए. आउटर नॉर्थ जिले की 39 टीमों में 500 और रोहिणी जिले की 19 टीमों में 320 पुलिसकर्मी शामिल रहे. ऑपरेशन का नेतृत्व डीसीपी हरेश्वर स्वामी और डीसीपी राजीव रंजन ने किया. पूरी कार्रवाई की निगरानी संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह ने की.

36 संदिग्ध पकड़े गए, 6 गिरफ्तार

पुलिस ने छापेमारी के दौरान 36 संदिग्धों को पकड़ा. इनमें से 6 को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया. पकड़े गए आरोपियों का सीधा संबंध दिल्ली के कुख्यात गैंग जैसे काला जठेड़ी, जितेंद्र गोगी, नीरज बवाना, राजेश बवानिया, तिल्लू ताजपुरिया, कपिल सांगवान और नेट्टू डबोदा से बताया जा रहा है.

ये भी पढ़ें: दिल्ली के शालीमार बाग में कुख्यात अपराधी के साथ हुई मुठभेड़, एनकाउंटर में पुलिस ने किया गिरफ्तार

कैश, सोना और हथियार बरामद

ऑपरेशन में पुलिस को भारी मात्रा में नकदी और सामान मिला. बरामदगी में शामिल हैं 49.60 लाख रुपये नकद, 1.36 किलो सोना और 14.60 किलो चांदी, बुलेटप्रूफ महिंद्रा स्कॉर्पियो SUV और एक बाइक, 26 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप, 7 पिस्टल-रिवॉल्वर, एक बटनदार चाकू, एक मैगजीन और 40 जिंदा कारतूस, हथियार साफ करने के उपकरण जैसे बोर ब्रश और क्लीनिंग रॉड्स. सभी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को आगे की फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है.

अपराधियों को सख्त संदेश

दिल्ली पुलिस ने साफ कर दिया है कि यह ऑपरेशन किसी एक गैंग के खिलाफ नहीं था. यह अभियान दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय सभी आपराधिक गिरोहों पर कार्रवाई का हिस्सा है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि संगठित अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read