Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 में पाकिस्तान की टीम एक बार फिर सुर्खियों में है लेकिन इस बार खेल से ज्यादा उनकी हरकतों को लेकर चर्चा हो रही है. पहले UAE के खिलाफ मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द की गई थी और अब भारत के खिलाफ सुपर-4 मैच से पहले भी वही दोहराया गया है. ICC एकेडमी में होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस को अचानक रद्द कर दिया गया जिससे क्रिकेट फैंस और मीडिया दोनों हैरान हैं.
दबाव में नजर आ रही है पाक टीम
पाकिस्तान की टीम इस वक्त मानसिक दबाव में नजर आ रही है. भारत से लीग मुकाबले में मिली करारी हार के बाद उनका मनोबल काफी गिरा है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने उन्हें सात विकेट से हराया था जिससे पाकिस्तान के खेमे में निराशा का माहौल है.
मोटिवेशनल स्पीकर बढ़ा पाएंगे पाक टीम का हौसला?
इसी वजह से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने एक खास कदम उठाया है. एक रिपोर्ट की माने तो भारत के खिलाफ 21 सितंबर को होने वाले अहम मुकाबले से पहले खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. राहील को बुलाया गया है. माना जा रहा है कि टीम का आत्मविश्वास बढ़ाने और दबाव को कम करने के लिए यह फैसला लिया गया है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द करने पर उठ रहा सवाल
हालांकि, लगातार दूसरी बार प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द करने से सवाल उठ रहे हैं. क्रिकेट में पारदर्शिता और मीडिया से संवाद को लेकर यह रवैया ठीक नहीं माना जा रहा. फैंस भी सोशल मीडिया पर इसको लेकर नाराजगी जता रहे हैं.
निगाहें भारत-पाक मैच पर
अब सबकी नजर 21 सितंबर को भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले पर है. देखना होगा कि मोटिवेशनल स्पीकर की मदद से पाकिस्तान की टीम मैदान पर कैसा प्रदर्शन करती है. लेकिन फिलहाल मैदान से पहले मैदान के बाहर की हलचलें ही ज्यादा चर्चा में हैं.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




