अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फिर सुर्खियों में हैं. इस बार उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन के विरोध में बड़ा कदम उठाया है. व्हाइट हाउस में बाइडेन की तस्वीर की जगह एक ‘ऑटोपेन’ की फोटो लगाई गई है. इस तस्वीर में बाइडेन का सिग्नेचर दिखाया गया है.
प्रेसिडेंशियल वॉक ऑफ फेम की शुरुआत
व्हाइट हाउस के बाहर ‘प्रेसिडेंशियल वॉक ऑफ फेम’ की शुरुआत हुई है. राष्ट्रपति की विशेष सहायक और संचार सलाहकार मार्गो मार्टिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा की. उन्होंने लिखा कि अब वेस्ट विंग कोलोनेड पर प्रेसिडेंशियल वॉक ऑफ फेम लगाया गया है. इस वॉक ऑफ फेम में सभी पूर्व राष्ट्रपतियों की तस्वीरें क्रम से लगाई गई हैं. लेकिन जब लोगों ने इसे देखा तो पाया कि ट्रंप की दो तस्वीरों के बीच से जो बाइडेन की फोटो गायब है.
👀 https://t.co/jE2Vm7UdjL pic.twitter.com/CJ3yQBtPGQ
— The White House (@WhiteHouse) September 24, 2025
क्यों नहीं लगी बाइडेन की फोटो?
जो बाइडेन ने पिछली बार ट्रंप को हराकर राष्ट्रपति पद संभाला था. लेकिन इस बार सत्ता बदलने के बाद ट्रंप फिर से व्हाइट हाउस पहुंचे. सामान्य रूप से यहां ट्रंप की दोनों तस्वीरों के बीच बाइडेन की तस्वीर होनी चाहिए थी. मगर उसकी जगह एक ‘ऑटोपेन’ इमेज लगाई गई. व्हाइट हाउस की ओर से जारी फोटो में ट्रंप को उसी ‘ऑटोपेन’ को देखते हुए दिखाया गया.
2020 चुनाव में ट्रंप ने नहीं मानी हार
ध्यान देने वाली बात है कि ट्रंप ने अब तक 2020 के चुनाव में अपनी हार स्वीकार नहीं की है. वे लगातार कहते रहे हैं कि उस चुनाव में धांधली हुई थी। इसी विवाद के बीच उन्होंने पहले ही संकेत दे दिए थे कि वॉक ऑफ फेम में बाइडेन की तस्वीर की जगह ‘ऑटोपेन’ लगाया जाएगा। अब उन्होंने इस ऐलान को सच कर दिखाया है।
ऑटोपेन को लेकर ट्रंप के आरोप
ट्रंप ने कई बार कहा था कि बाइडेन ने क्षमादान और अन्य अहम दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के लिए ‘ऑटोपेन’ का इस्तेमाल किया. उनका आरोप था कि बाइडेन प्रशासन के अधिकारियों ने ऑटोपेन के जरिए फर्जी हस्ताक्षर कर दस्तावेज पास कराए होंगे. उन्होंने यहां तक सवाल उठाया कि क्या ऐसे हस्ताक्षरित दस्तावेज कानूनी रूप से मान्य भी हैं या नहीं. रिपब्लिकन नेतृत्व वाली एक हाउस कमेटी ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है. कमेटी बाइडेन प्रशासन के ‘ऑटोपेन’ इस्तेमाल की जांच कर रही है.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




