Urdu Conclave 2026

UP News: मेरठ के आदिल हत्याकांड में बड़ा खुलासा, मुठभेड़ के बाद आरोपी जुलकमर गिरफ्तार

UP News: मेरठ में चर्चित आदिल हत्याकांड के आरोपी जुलकमर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. मुख्य आरोपी हमजा फरार है.

Meerut Adil Murder Case

UP News: मेरठ में चर्चित आदिल हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. शुक्रवार देर रात लिसाड़ीगेट और लोहियानगर थाने की पुलिस टीम ने मुठभेड़ के बाद एक आरोपी जुलकमर को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान जब दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में जुलकमर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल वह पुलिस की निगरानी में है.

इस दौरान उसका साथी और इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी हमजा मौके से फरार हो गया. पुलिस की टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं.

पूछताछ में कई अहम जानकारियां

घायल जुलकमर से हुई पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं. उसने बताया कि आदिल की हत्या की पूरी साजिश हमजा ने रची थी. उसी ने उसे गोली चलाने के लिए उकसाया और वारदात का वीडियो भी बनवाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. जुलकमर ने यह भी बताया कि 30 तारीख को हुई इस घटना में हमजा के साथ कुछ और लोग भी शामिल थे, जिनकी पहचान की जा रही है.

एसएसपी का क्या कहना है?

मेरठ के एसएसपी विपिन ताडा ने जानकारी दी कि जुलकमर ने यह स्वीकार किया है कि वीडियो में गोली चलाते हुए वही नजर आ रहा है, लेकिन उसका दावा है कि हत्या की योजना हमजा की थी. प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश का लग रहा है, जिसमें आदिल और हमजा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था.

इसे भी पढ़ें-‘आई लव मोहम्मद’ में कोई बुराई नहीं, लेकिन कट्टरता…धीरेंद्र शास्त्री का बड़ा बयान

पुलिस का कहना है कि गोली चलाने, वीडियो बनाने और उसे वायरल करने के पीछे की असली वजह क्या थी, इसका खुलासा जुलकमर के इलाज के बाद गहन पूछताछ में किया जाएगा. फिलहाल पुलिस इस मामले में फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read