Bilaspur Landslide Today: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में मंगलवार को भूस्खलन के दौरान पहाड़ी से निकला भारी मलबा यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस पर जा गिरा. इस घटना में 15 लोगों की मौत हो गई. प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतक के परिजनों और घायलों को आर्थिक मदद देने का ऐलान किया. प्रधानमंत्री कार्यलय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी के हवाले से लिखा, “हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुए एक हादसे में हुई जान-माल की हानि से दुखी हूं. इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.”
पीएमओ ने पोस्ट में आगे लिखा, “प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी. घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे.”
Saddened by the loss of lives due to a mishap in Bilaspur, Himachal Pradesh. My thoughts are with the affected people and their families during this difficult time. Praying for the speedy recovery of the injured.
An ex-gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF would be given to the next…
— PMO India (@PMOIndia) October 7, 2025
बालूघाट में भल्लू पुल के पास हुआ हादसा
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय ने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के हवाले से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”बिलासपुर जिला के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के बालूघाट (भल्लू पुल) के पास हुए भीषण भूस्खलन की खबर ने मन को भीतर तक झकझोर दिया है. इस भारी भूस्खलन में एक प्राइवेट बस के चपेट में आने से लोगों के निधन का दु:खद समाचार मिला है और कई अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका है.”
युद्ध स्तर पर चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
पोस्ट में आगे लिखा गया, ”रेस्क्यू ऑपरेशन युद्ध स्तर पर जारी है. अधिकारियों को पूरी मशीनरी लगाने के निर्देश दिए गए हैं. मैं स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की पल-पल की जानकारी ले रहा हूं. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें और शोकाकुल परिवारों को संबल प्रदान करें. इस कठिन घड़ी में मैं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हूं.”
जानकारी के अनुसार, इस हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 से 20 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दल ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




