Karwa Chauth Katha: करवा चौथ भारतीय संस्कृति का एक बेहद खास त्योहार है, जो प्रेम, निष्ठा और वैवाहिक जीवन की लंबी उम्र का प्रतीक माना जाता है. इस दिन सुहागिन महिलाएं सूर्योदय से लेकर चांद निकलने तक निर्जला व्रत रखती हैं और अपने पति की लंबी उम्र, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करती हैं. व्रत केवल उपवास नहीं बल्कि श्रद्धा, भक्ति और परिवारिक एकता का उत्सव भी है. करवा चौथ के दिन कथा सुनने का भा काफी महत्व माना ताजा है. इस दिन से जुड़ी दो कथाएं काफी प्रचलित है. आइए बम पको उन्ही कहानियों के बारे में बताते हैं.
गणेश जी की कथा
यह कहानी बहुत समय पहले की है. एक अंधी बुढ़िया थी, जो भगवान गणेश की परम भक्त थीं और हर दिन विधिपूर्वक उनकी पूजा करती थीं. एक दिन गणेश जी उससे इतने प्रसन्न हुए कि दर्शन देकर बोले, “मैं आपकी भक्ति से खुश हूं, आप जो वर चाहो, मांग लो.” बुढ़िया थोड़ी हिचकिचाई और बोली कि उन्हें नहीं पता कि क्या मांगना चाहिए.
उन्होंने अपने बेटे और बहू से सलाह ली. बेटे ने कहा कि धन मांग लो, जबकि बहू ने कहा कि पोता मांग लो. बुढ़िया ने यह सुनकर सोचा कि यह सब अपने स्वार्थ के लिए कह रहे हैं. फिर उसने पड़ोसियों से राय ली. पड़ोसियों ने कहा कि बुढ़िया, तेरी थोड़ी ही उम्र बाकी है, इसलिए अपनी आंखें मांग ले ताकि शेष जीवन सुखपूर्वक व्यतीत हो.
बुढ़िया ने सबकी बातें सुनी और सोचा कि क्यों न ऐसा वर मांगे जिसमें उसके बेटे, बहू और परिवार सभी का भला हो. अगले दिन जब गणेश जी फिर से आए, उन्होंने पूछा, “आप क्या वर चाहती हैं?” बुढ़िया ने विनम्रता और भक्ति के साथ कहा, “हे गणराज! यदि आप मुझ पर प्रसन्न हैं तो मुझे संपत्ति, निरोगी शरीर, अमर जीवनसाथी, आंखों में प्रकाश, नाती-पोते की खुशहाली और अपने पूरे परिवार के सुख-समृद्धि की कृपा दें. अंत में मोक्ष भी प्रदान करें.”
गणेश जी बुढ़िया की बात सुनकर मुस्कुराए और बोले, “बुढ़िया, तुमने वास्तव में बहुत बुद्धिमानी से मांगा. तथास्तु,” और अपनी दिव्यता में लीन हो गए.
ये भी पढ़ें- Karwa Chauth Wishes: करवा चौथ पर अपनो को भेजें ये खास संदेश, इन कोट्स के साथ जाहिर करें अपने दिल की बात
वीरावती की कथा
यह करवा चौथ की पौराणिक कथा वीरावती से जुड़ी हुई है. कहा जाता है कि बहुत समय पहले एक साहूकार की बेटी वीरावती नाम की थी और उसके सात भाई थे. जब उसने पहली बार करवा चौथ का व्रत रखा, तो पूरे दिन भूखी-प्यासी रहने की वजह से उसकी तबियत बहुत कमजोर हो गई. उसकी हालत देखकर उसके भाई बहुत चिंतित हुए क्योंकि वे अपनी बहन से बेहद स्नेह करते थे.
भाईयों ने बहन की सुरक्षा और व्रत पूरा करने के लिए एक योजना बनाई. उन्होंने पहाड़ी पर दीपक जलाकर ऐसा दृश्य तैयार किया जैसे चांद निकल आया हो. वीरावती ने चांद को देखकर भाभियों से कहा कि व्रत खोल लें क्योंकि चांद निकल आया है. भाभियों ने कहा कि वे तभी व्रत खोलेंगी जब असली चांद दिखेगा, लेकिन वीरावती ने अपने भाईयों की बात मानकर व्रत खोल लिया.
भोजन के पहले ही कुछ घटनाएँ घटीं पहले कौर में बाल निकला, दूसरे में छींक आई और तीसरे में ससुराल से बुलावा आया. जब वह ससुराल पहुंची, तो पता चला कि उसके पति का देहांत हो चुका है. इस दुखद समाचार से वीरावती अत्यंत विचलित हो गई और वह सच्चे मन से मां पार्वती की प्रार्थना करने लगी. उसी समय इंद्राणी ने उन्हें निर्देश दिया कि कार्तिक माह की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को व्रत करें.
वीरावती ने विधिपूर्वक व्रत किया और पूरे वर्ष चौथ का व्रत रखती रहीं. करवा चौथ के दिन व्रत रखने पर करवा माता पार्वती उनसे प्रसन्न हुईं और उनके पति को जीवित कर दिया. तभी से इस दिन सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और स्वास्थ्य के लिए करवा चौथ का व्रत करती हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

