जम्मू-कश्मीर की चार राज्यसभा सीटों पर 24 अक्टूबर को चुनाव होने हैं और राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं. बीजेपी ने रविवार को अपने तीन उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया, जिनमें जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष सतपाल शर्मा, गुलाम मोहम्मद मीर और राकेश महाजन शामिल हैं. चुनाव आयोग ने इन सीटों के लिए तीन अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी की हैं.
भारतीय जनता पार्टी की केन्द्रीय चुनाव समिति ने जम्मू एवं कश्मीर में होने वाले तीन अलग-अलग अधिसूचना के द्विवार्षिक राज्य सभा चुनाव 2025 हेतु निम्नलिखित नामों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है। pic.twitter.com/KJFjE5KjAl
— BJP (@BJP4India) October 12, 2025
नेशनल कॉन्फ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन बनाम बीजेपी
विधानसभा में संख्या के हिसाब से नेशनल कॉन्फ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन को तीन सीटों पर बढ़त है जबकि बीजेपी को एक सीट पर बढ़त मिल सकती है. लेकिन बीजेपी की नजर तीनों सीटों पर है और वह समर्थन जुटाने के लिए अन्य दलों के विधायकों को साधने की कोशिश में लग गई है. इससे चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है.
NC ने भी किया प्रत्याशियों का ऐलान
नेशनल कॉन्फ्रेंस ने भी अपने तीन उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं और चौथी सीट के लिए कांग्रेस से बातचीत चल रही है. कांग्रेस और NC ने अपने विधायकों पर नजर रखना शुरू कर दिया है ताकि कोई क्रॉस वोटिंग न हो.
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में संख्या बल
अगर विधानसभा की बात करें तो कुल 90 सीटों में से NC के पास 41 विधायक हैं, बीजेपी के पास 28, कांग्रेस के 6, पीडीपी के 3, माकपा, पीपुल्स कॉन्फ्रेंस और आम आदमी पार्टी के पास 1-1 विधायक हैं, जबकि 7 विधायक निर्दलीय हैं. दो सीटें फिलहाल खाली हैं.
दो सीटों पर कड़ा मुकाबला
इस समीकरण के हिसाब से नेशनल कॉन्फ्रेंस दो सीटें आसानी से जीत सकती है लेकिन बाकी दो सीटों पर मुकाबला कड़ा है. बीजेपी की रणनीति है कि वह निर्दलीय और छोटे दलों के विधायकों को अपने पक्ष में कर चुनावी गणित बदल दे.
इसे भी पढ़ें-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजमाता को किया नमन, कहा- राजमाता का सपना था सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध भारत
इस बार का राज्यसभा चुनाव जम्मू-कश्मीर की राजनीति में अहम मोड़ साबित हो सकता है, क्योंकि यह केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद पहला राज्यसभा चुनाव है. सभी दलों की नजरें अब 24 अक्टूबर की वोटिंग पर टिकी हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

