Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

देश के विकास को लगेंगे पंख! मोदी सरकार ने दी दो बड़े प्रोजेक्ट्स को मंजूरी, जानें तमिलनाडु और असम को क्या-क्या मिला?

केंद्र सरकार ने देश की परिवहन और कनेक्टिविटी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दो बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी दी है.

PM Modi

देश में व्यापार, परिवहन और कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने दो बड़े प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCEA) ने तमिलनाडु के कामराजर पोर्ट पर दूसरे कंटेनर टर्मिनल के निर्माण और असम के सिलचर में नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के विकास को हरी झंडी दे दी है. इन दोनों परियोजनाओं से न सिर्फ परिवहन सुविधाओं में सुधार होगा, बल्कि कारोबार, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

तमिलनाडु के कामराजर पोर्ट लिमिटेड (KPL) में दूसरे कंटेनर टर्मिनल के निर्माण पर करीब 4,288.26 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इस परियोजना को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा. इसमें निजी कंपनी डिजाइन, निर्माण, फंडिंग और संचालन की जिम्मेदारी संभालेगी. तय अवधि पूरी होने के बाद टर्मिनल को पोर्ट प्राधिकरण को सौंप दिया जाएगा.

प्रस्तावित टर्मिनल की लंबाई 900 मीटर होगी और इसमें 30 मीटर चौड़ा बर्थ बनाया जाएगा. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां हर साल 20 लाख TEU (ट्वेंटी फुट इक्विवेलेंट यूनिट) तक कंटेनर संभालने की क्षमता होगी. आसान भाषा में कहें तो इस सुविधा के शुरू होने के बाद बंदरगाह पर सामान से भरे कंटेनरों की आवाजाही पहले से काफी ज्यादा हो सकेगी.

इस परियोजना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा. पहले चरण में 11 लाख TEU और दूसरे चरण में 9 लाख TEU की क्षमता विकसित की जाएगी. पहले चरण का काम कॉन्ट्रैक्ट मिलने के 24 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य है. इसके बाद 25वें महीने से इसका व्यावसायिक संचालन शुरू होगा. दूसरे चरण का निर्माण 25वें से 48वें महीने के बीच किया जाएगा. पूरी क्षमता के साथ टर्मिनल 49वें महीने से काम करना शुरू कर सकेगा.

बड़े मालवाहक जहाजों को भी मिलेगी जगह

नए टर्मिनल को इस तरह तैयार किया जाएगा कि यहां 400 मीटर तक लंबे और 24,346 TEU क्षमता वाले बड़े कंटेनर जहाज भी आसानी से आ सकें. इसके लिए 18 मीटर का डिजाइन ड्राफ्ट रखा गया है. इससे अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार में कामराजर पोर्ट की भूमिका मजबूत होने की उम्मीद है.

दरअसल, चेन्नई-एन्नोर औद्योगिक क्षेत्र में ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, इंजीनियरिंग सामान, केमिकल और दूसरे मैन्युफैक्चरिंग उत्पादों का बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है. इन उद्योगों को अपने उत्पाद विदेश भेजने और दूसरे देशों से कच्चा माल मंगाने के लिए बेहतर बंदरगाह सुविधाओं की जरूरत है. नया टर्मिनल इसी मांग को पूरा करने में मदद करेगा.

कामराजर पोर्ट के मौजूदा कंटेनर टर्मिनल की सालाना क्षमता 8 लाख TEU है. वित्त वर्ष 2025-26 में यहां करीब 7 लाख TEU कंटेनर का संचालन हुआ. यानी मौजूदा क्षमता का लगभग 88 फीसदी इस्तेमाल हो चुका है. इसी दौरान पोर्ट ने कुल 4.908 करोड़ टन माल और 1,008 जहाजों को संभाला.


पिछले पांच वर्षों में भारत में कंटेनर यातायात करीब 7 फीसदी की सालाना चक्रवृद्धि दर से बढ़ा है, जबकि कामराजर पोर्ट में यह वृद्धि लगभग 9.9 फीसदी रही है. ऐसे में नई क्षमता विकसित करना जरूरी माना जा रहा है.

750 से ज्यादा लोगों को निर्माण के दौरान रोजगार

इस परियोजना का एक बड़ा फायदा रोजगार के रूप में भी सामने आएगा. निर्माण के दौरान करीब 750 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से काम मिलने का अनुमान है. वहीं, टर्मिनल चालू होने के बाद लगभग 800 अतिरिक्त लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं.

PPP मॉडल के तहत परियोजना में लगने वाले 4,288.26 करोड़ रुपये का निवेश चुनी गई निजी कंपनी करेगी. इसके अलावा समुद्र में ड्रेजिंग यानी बंदरगाह के आसपास पानी की गहराई बढ़ाने के काम पर कामराजर पोर्ट लिमिटेड करीब 450 करोड़ रुपये खर्च करेगा. निजी कंपनी अपने निवेश की भरपाई निर्धारित यूजर चार्ज के जरिए करेगी. सरकार की ओर से इस PPP परियोजना के लिए अलग से निवेश नहीं किया जाएगा.

यह परियोजना मैरीटाइम इंडिया विजन 2030 और मैरीटाइम अमृत काल विजन 2047 के लक्ष्यों के अनुरूप है. इससे तमिलनाडु के साथ कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों को भी बेहतर लॉजिस्टिक्स सुविधा मिलने की उम्मीद है.

असम के सिलचर में बनेगा 2,014 करोड़ रुपये का नया एयरपोर्ट

समुद्री परिवहन के साथ पूर्वोत्तर भारत की हवाई कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए भी बड़ा फैसला लिया गया है. केंद्र सरकार ने असम के कछार जिले के डोलू में नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण को मंजूरी दी है. भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) इस परियोजना को करीब 2,014 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से विकसित करेगा.

फिलहाल सिलचर एयरपोर्ट पर जगह और संचालन से जुड़ी कई सीमाएं हैं. मौजूदा हवाई अड्डा रक्षा क्षेत्र से जुड़ी जमीन पर स्थित सिविल एन्क्लेव के रूप में काम करता है. यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण यहां अतिरिक्त सुविधाओं की जरूरत महसूस की जा रही थी. डोलू में नया एयरपोर्ट बनने से इस दबाव को कम करने में मदद मिलेगी.

डोलू बराक घाटी के कछार जिले में स्थित है. यह इलाका अपने चाय बागानों, कृषि आधारित उद्योगों और पर्यटन की संभावनाओं के लिए जाना जाता है. नया एयरपोर्ट बनने से बराक घाटी के लोगों को हवाई सफर की बेहतर सुविधा मिलने के साथ-साथ आसपास के राज्यों के यात्रियों को भी फायदा हो सकता है.

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया एयरपोर्ट

प्रस्तावित एयरपोर्ट का टर्मिनल भवन 12,351 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनाया जाएगा. इसमें व्यस्त समय के दौरान एक घंटे में 800 यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. साथ ही, भविष्य में जरूरत बढ़ने पर टर्मिनल का विस्तार भी किया जा सकेगा.

एयरपोर्ट पर 2,705 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे बनाया जाएगा. यह कोड-4C मानकों के अनुरूप होगा और यहां एयरबस A320 जैसे विमानों का संचालन संभव होगा. इसके अलावा छह A320 विमानों की पार्किंग क्षमता वाला नया एप्रन भी तैयार किया जाएगा. एक अलग आइसोलेशन बे की व्यवस्था भी परियोजना का हिस्सा है.

टर्मिनल भवन के निर्माण में पर्यावरण के अनुकूल ग्रीन बिल्डिंग सिद्धांतों को अपनाने की योजना है. इसका उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ-साथ निर्माण और संचालन को अधिक टिकाऊ बनाना है.

व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

डोलू में नया एयरपोर्ट बनने का असर सिर्फ हवाई यात्रा तक सीमित नहीं रहेगा. इससे दक्षिण असम और पड़ोसी राज्यों के लोगों को देश के दूसरे हिस्सों से जुड़ने में आसानी होगी. कारोबारियों, पर्यटकों और स्थानीय उद्योगों के लिए भी नए अवसर खुल सकते हैं.

बराक घाटी में चाय उद्योग और कृषि आधारित कारोबार की अच्छी संभावनाएं हैं. बेहतर हवाई संपर्क से यहां पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ निवेश आकर्षित करने में भी मदद मिल सकती है. खासतौर पर इको-टूरिज्म और सांस्कृतिक पर्यटन के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism