24 घंटे में ही 'गेम ओवर'
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले, NDA गठबंधन को एक अप्रत्याशित झटका लगा है. चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की मढ़ौरा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार सीमा सिंह का नामांकन रद्द कर दिया गया है. भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी ग्लैमरस अदाओं और ‘डांसिंग क्वीन’ के रूप में मशहूर सीमा सिंह को राजनीति में कदम रखने से पहले ही ‘हिट विकेट’ माना जा रहा है. नामांकन पत्रों की जांच के दौरान दस्तावेजों में खामियां पाए जाने के कारण निर्वाचन पदाधिकारी ने उनका नामांकन रद्द करने का फैसला लिया.
निर्वाचन पदाधिकारी के फैसले कारण चिराग पासवान की पार्टी और पूरे NDA को चुनाव से पहले ही एक सीट का नुकसान उठाना पड़ा है. निरहुआ की सुपरहिट फिल्म के गाने ‘मिसिर जी तू तो बाड़ बड़ा ठंडा’ से चर्चा में आईं सीमा सिंह अब विधायक बनने का सपना टूटने से मुश्किल में हैं. हालांकि, NDA के पास अभी भी किसी निर्दलीय का समर्थन करने का विकल्प है.
NDA और LJP-R के लिए झटका
भोजपुरी इंडस्ट्री की ‘डांसिंग क्वीन’ सीमा सिंह का मढ़ौरा सीट से नामांकन रद्द होना, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और NDA के लिए एक असमय और बड़ा झटका है. सीमा सिंह ने जहां ग्लैमर की दुनिया से सियासत में एक नई पारी की शुरुआत करनी चाही थी, वहीं दस्तावेजों में खामियों के कारण उनका यह प्रयास विफल रहा. इस घटना ने NDA को न केवल एक मजबूत उम्मीदवार से वंचित किया है, बल्कि मढ़ौरा सीट पर नए सिरे से रणनीति बनाने के लिए मजबूर भी कर दिया है. सबसे बड़ी बात की सीमा सिंह के साथ-साथ तीन अन्य उम्मीदवारों का नामांकन रद्द हुआ है.
ये भी पढ़ें: ‘धनतेरस’ पर राजनाथ सिंह की चेतावनी, ‘ब्रह्मोस की जद में पाकिस्तान की एक-एक इंच जमीन’
ढ़ील के मूड में नहीं है निर्वाचन आयोग
सूचना के अनुसार, मढ़ौरा से लोजपा (रा) प्रत्याशी और अभिनेत्री सीमा सिंह समेत 4 अन्य लोगों का शनिवार को नामांकन रद्द हो गया है. सीमा के अलावा बसपा से आदित्य कुमार, जदयू से बागी व निर्दलीय अल्ताफ़ आलम राजू, विशाल कुमार निर्दलीय का नाम शामिल है. इनते लोगों का नामांकन रद्द होना यह भी दर्शाता है कि पहले चरण के चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग दस्तावेजों की जांच में कोई ढील नहीं दे रहा है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


