Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली-NCR में प्रदूषण का कहर जारी, कई इलाके रेड जोन में, सांस लेना हुआ मुश्किल

दिल्ली और आसपास के इलाकों में प्रदूषण लगातार बढ़ता जा रहा है. विवेक विहार और आनंद विहार में AQI 400 पार पहुंच गया है.

Delhi Air Pollution

Delhi Air Pollution: दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है. बीते कई दिनों से राजधानी के ज्यादातर इलाके रेड जोन में बने हुए हैं और हवा इतनी खराब हो चुकी है कि लोग इसे महसूस ही नहीं बल्कि साफ-साफ देख भी पा रहे हैं. सरकार की ओर से प्रदूषण कम करने के लिए लगातार कोशिशें की जा रही हैं लेकिन हालात में कोई बड़ा सुधार नजर नहीं आ रहा है.

किस इलाके में कितना AQI?

गुरुवार सुबह 6 बजे दिल्ली के विवेक विहार और आनंद विहार में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच गया. विवेक विहार का AQI 412 और आनंद विहार का 404 रिकॉर्ड किया गया, जो कि ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है. आज दिल्ली का ओवरऑल AQI 347 रहा, जो ‘बहुत खराब’ कैटेगरी में गिना जाता है.

सेहत पर प्रदूषण का असर

प्रदूषण का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखने लगा है. गले में खराश, आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं आम हो गई हैं. लोग अब एहतियातन मास्क पहन रहे हैं और बिना जरूरत घर से बाहर निकलना बंद कर दिया है.

32 इलाकों में AQI 300 से 400 के बीच

दिल्ली के करीब 32 इलाकों में AQI 300 से 400 के बीच दर्ज किया गया है. इनमें अलीपुर (363), अशोक विहार (381), आया नगर (312), बवाना (382), बुराड़ी क्रॉसिंग (363), डॉक्टर करनी शूटिंग (341), द्वारका सेक्टर-8 (360), आईजीआई एयरपोर्ट (305), दिलशाद गार्डन (360), आईटीओ (359), जहांगीरपुरी (383), जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम (349), लोधी रोड (316), मंदिर मार्ग (342), मुंडका (359), नजफगढ़ (333), नरेला (360), नेहरू नगर (362), नॉर्थ कैंपस (347) और ओखला फेस-2 (347) शामिल हैं.

NCR में भी प्रदूषण का कहर

सिर्फ दिल्ली ही नहीं बल्कि NCR के शहर भी प्रदूषण की चपेट में हैं. नोएडा में AQI 373, ग्रेटर नोएडा में 344 और गाजियाबाद में 407 रिकॉर्ड किया गया है. गाजियाबाद की स्थिति भी ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच चुकी है. वहीं गुरुग्राम का AQI 210 रहा, जो ‘खराब’ कैटेगरी में आता है.

दस्तक दे रही सर्दी

सर्दी भी धीरे-धीरे दस्तक दे रही है. गुरुवार सुबह हल्का कोहरा देखा गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई. आज अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. बारिश की कोई उम्मीद नहीं है, जिससे प्रदूषण और ज्यादा बढ़ सकता है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read