बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को पूरा हो चुका है और अब 11 नवंबर के दूसरे चरण के मतदान की तैयारी शुरू हो चुकी है. लेकिन सोशल मीडिया पर चुनाव से संबंधित वीडियोज का वायरल होना थमने का नाम नहीं ले रहा है. इसी बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का एक वीडियो वायरल हो गया. वीडियो से दावा किया जा रहा है कि अखिलेश यादव ने बिहार में राजद की सभा के मंच से भारतीय जनता पार्टी की तारीफ की. आइए जानते है वीडियो में आखिलेश यादव ने क्या कहा और इसकी सच्चाई.
क्या है वायरल वीडियो का दावा?
दरअसल, इस वायरल हो रहे वीडियो में अखिलेश यादव यह कहते हुए दिख रहे हैं कि, ‘मैं कह सकता हूं कि बिहार की जनता ने मन बना लिया है. मैं जब से चुनाव में घूम रहा हूं. चुनाव में बिहार में मैं देख रहा हूं, जनता के बीच में एक विशेष उत्साह और लगाव भारतीय जनता पार्टी के लिए दिखाई दे रहा है’.
इस वीडियो को एक फेसबुक यूजर Pratibha Singh ने 6 नवंबर को पोस्ट किया था, जिसके साथ उन्होंने लिखा कि, ‘अखिलेश को मालूम है कि बिहार में बीजेपी की सरकार बनने वाली है! तभी तो RJD के मंच पर भी बीजेपी की तारीफों के पुल बाँध रहे हैं’ जिसे कई अन्य यूजर्स ने भी बिना पुष्टि के शेयर कर रहे है.
जांच में पता चला सच…
भारत एक्सप्रेस की टीम ने इस वायरल वीडियो की जांच शुरू की, तो हमने वीडियो को फ्रेम दर फ्रेम देखा, जिसमें दो जगहों पर एडिटिंग के निशान मिले खास तौर पर 17 और 19 सेकंड के बीच. जब गूगल लेंस की मदद से वीडियो के की-फ्रेम को सर्च किया गया, तो पता चला कि यह वीडियो समाजवादी पार्टी के आधिकारिक फेसबुक पेज पर मौजूद असली क्लिप का एडिटेड वर्जन है.
5 नवंबर 2025 को समाजवादी पार्टी के आधिकारिक पेज पर अपलोड असल वीडियो में अखिलेश यादव ने कहा था कि ‘मैं कह सकता हूं कि बिहार की जनता ने मन बना लिया है. मैं जब से चुनाव में घूम रहा हूं, जनता के बीच में एक विशेष उत्साह और लगाव तेजस्वी यादव के लिए दिखाई दे रहा है. इतना समर्थन और हर वर्ग के लोग दे रहे हैं, जिसकी कभी भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दलों ने भी कल्पना नहीं की होगी.’
इससे ये बात साफ हो गई कि वायरल क्लिप में तेजस्वी के नाम को हटाकर उसकी जगह भारतीय जनता पार्टी जोड़ दिया गया था, जिसे अब गलत दावे के साथ चुनावी माहौल में वायरल की जा रहा है.
वहीं, इस मामले में समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता डॉ. आशुतोष वर्मा ने भी कहा कि अखिलेश यादव ने नवादा विधानसभा की सभा में तेजस्वी यादव की तारीफ की थी, न कि भाजपा की. उन्होंने कहा, “यह वीडियो पूरी तरह से एडिटेड है और विपक्षी दलों द्वारा लोगों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है.”
निष्कर्ष
जांच में यह साफ हो गया कि अखिलेश यादव का वायरल वीडियो झूठा और एडिटेड है. उन्होंने बिहार की नवादा सीट पर चुनावी जनसभा के दौरान तेजस्वी यादव की प्रशंसा की थी न की भारतीय जनता पार्टी की. इस वीडियो को केवल चुनावी माहौल में भ्रम फैलाने की कोशिश से तैयार कर फैलाया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: Fact Check: पीएम मोदी के नाम पर वायरल बयान फर्जी, न्यूज चैनल का लोगो कर रहा है गुमराह
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




