Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

देवभूमि उत्तराखंड भारत के आध्यात्मिक जीवन की धड़कन है- PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून में ‘उत्तराखंड रजत जयंती उत्सव’ में भाग लिया और एक स्मारक डाक टिकट जारी किया. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने पिछले 25 वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयाँ हासिल की हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को देहरादून में आयोजित ‘उत्तराखंड रजत जयंती उत्सव’ में शामिल हुए. इस अवसर पर उन्होंने एक स्मारक डाक टिकट भी जारी किया. अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देहरादून में राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह का हिस्सा बनना मेरे लिए गर्व का विषय है.

कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज उत्तराखंड जिस ऊंचाई पर है, उसे देखकर हर उस व्यक्ति का खुश होना स्वाभाविक है, जिसने इस खूबसूरत राज्य के निर्माण के लिए संघर्ष किया था. आज जब उत्तराखंड अपने 25 साल पूरे कर रहा है, तो मेरा यह विश्वास और भी दृढ़ हो गया है कि यह उत्तराखंड के उत्कर्ष का कालखंड है.

श्रद्धालुओं की यात्रा से बढ़ती है राज्य की आर्थिक ऊर्जा

देवभूमि उत्तराखंड को भारत के आध्यात्मिक जीवन की धड़कन बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ, जागेश्वर और आदि कैलाश जैसे तीर्थ हमारी आस्था के प्रतीक हैं. हर साल लाखों श्रद्धालु इन पवित्र धामों की यात्रा पर आते हैं. उनकी यह यात्रा भक्ति का मार्ग खोलती है, साथ ही उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में नई ऊर्जा भरती है. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का असली परिचय उसकी आध्यात्मिक शक्ति है. उत्तराखंड अगर ठान ले, तो अगले कुछ ही सालों में खुद को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित कर सकता है. यहां के मंदिर, आश्रम और योग के सेंटर इन्हें हम ग्लोबल सेंटर से जोड़ सकते हैं.

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, “25 साल पहले जब उत्तराखंड नया-नया बना था, तब चुनौतियां कम नहीं थीं. संसाधन सीमित थे, बजट छोटा था, आय के स्रोत कम थे और ज्यादातर जरूरतें केंद्र की सहायता से पूरी होती थीं. आज तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है.”

उत्तराखंड ने दिखाई प्रगति की रफ्तार

प्रधानमंत्री ने बताया कि 25 साल पहले उत्तराखंड का बजट चार हजार करोड़ रुपए का था, जो बढ़कर 1 लाख करोड़ रुपए को पार कर चुका है. पिछले 25 साल में उत्तराखंड में बिजली उत्पादन चार गुना बढ़ चुका है. इंजीनियरिंग कॉलेजों की संख्या 10 गुना से ज्यादा बढ़ी है. पहले यहां सिर्फ एक मेडिकल कॉलेज था, आज 10 मेडिकल कॉलेज हैं. उन्होंने बताया कि सड़कों की लंबाई दोगुनी हो चुकी है. पहले यहां 6 महीने में लगभग चार हजार यात्री हवाई जहाज से आते थे, आज एक दिन में चार हजार से अधिक यात्री हवाई जहाज से आते हैं.

शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में सुधार की नई पहल

संबोधन से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने 8140 करोड़ रुपए से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. 930 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, जबकि 7210 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ. ये परियोजनाएं पेयजल, सिंचाई, तकनीकी शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, खेल और कौशल विकास समेत कई प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ी हैं. इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने फसल बीमा योजना के अंतर्गत 28 हजार से अधिक किसानों के लिए सीधे उनके बैंक खातों में 62 करोड़ रुपए की सहायता राशि भी जारी की.

ये भी पढ़ें: ‘पूर्वोत्तर भारत दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए भारत का नैसर्गिक प्रवेश द्वार’, सिंधिया के लेख पर पीएम मोदी की प्रतिक्रिया

भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital