Urdu Conclave 2026

दिल्ली में ब्लास्ट, बिहार में ‘हाई अलर्ट’! मतदान बीच 10 प्वाइंटर एडवाइजरी जारी

Bihar Election 2025: बिहार चुनाव 2025 के बीच दिल्ली में ब्लास्ट (Delhi Red Fort Blast) हुआ है. इस कारण चुनावी राज्य में अलर्ट जारी किया गया है. ऐसे में अलर्ट के बीच आज आखिर दौर का मतदान हो रहा है.

Security Advisory During Final Voting In Bihar Election 2025 After Delhi Red Fort Blast

Bihar Election 2025: दिल्ली में लाल किले के नजदीक सोमवार को हुए विस्फोट (Delhi Red Fort Blast) के बाद कई राज्यों ने अपने यहां अलर्ट जारी कर दिया है. लाल किले के नजदीक मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक कार में हुए भीषण बम विस्फोट के बाद चुनावी राज्य बिहार में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया है. इस घटना के बाद बिहार चुनाव 2025 को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. पटना समेत कई बड़े रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा और जांच बढ़ा दी गई है.

यह घटना सोमवार की शाम में हुई, जिसमें आसपास की गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुईं और कई लोग मारे गए तथा घायल हुए. इस घटना ने पूरे देश को हिला दिया है, खासकर बिहार में, जहां विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान आज 11 नवंबर को होना है. बिहार पुलिस मुख्यालय ने तुरंत राज्यव्यापी हाई अलर्ट जारी कर दिया और आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) सहित सभी सुरक्षा एजेंसियों को सक्रिय कर दिया.

बिहार में जारी की गई एडवाइजरी (Bihar Election Advisory)

पुलिस उप-महानिरीक्षक, एटीएस बिहार द्वारा जारी थ्रेट एडवाइजरी में सभी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और रेल पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि चुनावी माहौल में किसी भी संभावित खतरे को रोकने के लिए सतर्कता बरती जाए.

एडवाइजरी में 10 प्रमुख बिंदु उल्लेखित हैं, जिनमें धार्मिक स्थलों, पर्यटन स्थलों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, रेलवे-मेट्रो स्टेशनों, बड़े प्रशासनिक भवनों और सैन्य छावनियों पर सघन चेकिंग; पुलिस गश्त बढ़ाना; सीसीटीवी की 24 घंटे मॉनिटरिंग; बस अड्डों, मॉलों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष अभियान; सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपॉइंट मजबूत करना; संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों या परित्यक्त वस्तुओं पर त्वरित कार्रवाई शामिल हैं.

ये भी पढ़ें: 61 सीटों पर निर्णायक जंग, मगध, शाहाबाद, सीमांचल में नए समीकरण, क्या इस बार बदलेगी NDA की किस्मत?

इनके अलावा सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय, शांति समितियों और व्हाट्सएप ग्रुपों को सक्रिय करना, आसूचना संकलन और साझा करना और सोशल मीडिया पर अफवाहों की निगरानी और फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई शामिल है. पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसपी को धार्मिक स्थलों, मॉलों, सिनेमाघरों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा कड़ी करने के आदेश दिए हैं.

पटना में एजेंसियां मुस्तैद

राजधानी पटना में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं. पटना जंक्शन पर एटीएस, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीमों ने सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. यात्रियों के सामान की जांच के लिए डॉग स्क्वाड और बम डिस्पोजल स्क्वाड तैनात किए गए हैं. हर आने-जाने वाले यात्री की बॉडी चेकिंग हो रही है और संदिग्धों से गहन पूछताछ की जा रही है. स्टेशन परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है. इसी तरह मीठापुर बस स्टैंड, गांधी मैदान, बोरिंग रोड चौराहा और प्रमुख बाजारों में चेकिंग जोरों पर है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read