Urdu Conclave 2026

Bihar Election: गांधी मैदान 17 से 20 नवंबर के बीच शपथ ग्रहण समारोह की संभावना, पटना जिलाधिकारी ने जारी किया आदेश

Bihar Election: एनडीए की नई सरकार के गठन को लेकर शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी तेज हो गई है. इस बीच पटना के जिलाधिकारी ने आदेश जारी किया है.

Nitish Kumar

Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए का शानदार प्रदर्शन रहा. इस चुनाव में जहां एनडीए गठबंधन ने 202 सीटों पर प्रचंड जीत हासिल की, वहीं इंडिया महागठबंधन का सूपड़ा साफ हो गया. एनडीए की नई सरकार के गठन को लेकर शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी तेज हो गई है. इस बीच पटना के जिलाधिकारी ने आदेश जारी किया है.

पटना के डीएम ने आदेश जारी कर कहा कि पटना का गांधी मैदान चार दिनों तक बंद रहेगा. लोगों के प्रवेश पर 17 नवंबर से 20 नवंबर तक पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह होने की संभावना है, इसलिए जिलाधिकारी ने गांधी मैदान में चार दिनों तक लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी है.

बीजेपी पहली बार सबसे बड़ी पार्टी बनी

बिहार विधानसभा चुनाव में जनता ने एनडीए पर विश्वास जताया और पूर्ण बहुमत दिया, जबकि महागठबंधन को करारी हार का सामना करना पड़ा. इस चुनाव में एनडीए के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 89 सीटें, जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) को 85, लोजपा (आर) को 19, हम को 5 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 4 सीटें मिलीं.

अगर इंडिया महागठबंधन की सीटों की बात करें तो राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के खाते में 25 सीटें गईं, जबकि कांग्रेस को 6 सीटें मिलीं. इस चुनाव में मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी का खाता नहीं खुला. असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने 5 सीटों पर जीत दर्ज की.

यह बिहार की जनता का आशीर्वाद और समर्थन है: निशांत कुमार

वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने रविवार को कहा, “यह बिहार की जनता का आशीर्वाद और समर्थन है. मेरे पिता ने पिछले 20 सालों में जो कड़ी मेहनत की है, उसका फल मिला है, इसके लिए जनता का धन्यवाद करते हैं.”

उन्होंने कहा, “मैं बिहार की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने एक बार फिर मेरे पिता पर भरोसा जताया और उन्हें यह जीत दिलाई. पूरी उम्मीद होगी कि पिताजी जनता के विश्वास पर खरा उतरें और पहले जो विकास किया है, उसको जारी रखें.”


ये भी पढ़ें: बंगाल में बम-बंदूक विवाद: राज्यपाल ने TMC सांसद कल्याण बनर्जी को चुनौती, “राजभवन आकर चेक करें, नहीं मिले तो माफी मांगें”


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read